गोरखपुर : दीपावली और छठ पर हावड़ा-गोरखपुर के बीच तीन दिन चलेगी अनारक्षित स्पेशल ट्रेन, हावड़ा व गोरखपुर से होगा संचालन

गोरखपुर। दीपावली और छठ पर्व पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए पूर्वाेत्तर रेलवे प्रशासन ने हावड़ा और गोरखपुर के बीच अनारक्षित त्योहार विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। 03037/03038 हावड़ा-गोरखपुर-हावड़ा अनारक्षित त्योहार विशेष ट्रेन का संचालन दोनों दिशाओं में तीन-तीन फेरों के लिए किया जाएगा। इससे त्योहार पर घर आने और वापस लौटने वाले यात्रियों को सहूलियत मिलेगी। पूर्वाेत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार ने बताया कि 03037 हावड़ा-गोरखपुर अनारक्षित विशेष ट्रेन 11, 13 और 14 नवंबर को हावड़ा से रात 11ः45 बजे प्रस्थान करेगी। अगले दिन यह ट्रेन बैंडेल, बर्द्धमान, दुर्गापुर, आसनसोल, चित्तरंजन, मधूपुर, जस्सीडीह, झाझा, किऊल, बरौनी, शाहपुर पटोरी, हाजीपुर, सोनपुर, छपरा, एकमा, सीवान, भटनी, देवरिया सदर और चौरीचौरा होते हुए शाम 6ः15 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। वापसी में 03038 गोरखपुर-हावड़ा अनारक्षित विशेष ट्रेन 12, 14 और 15 नवंबर को गोरखपुर से रात 8ः35 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन चौरीचौरा, देवरिया सदर, भटनी, सीवान, एकमा, छपरा, सोनपुर, हाजीपुर, शाहपुर पटोरी, बरौनी, किऊल, झाझा, जस्सीडीह, मधुपुर, चित्तरंजन, आसनसोल, दुर्गापुर, बर्द्धमान और बैंडेल होते हुए अगले दिन दोपहर 3ः40 बजे हावड़ा पहुंचेगी। इस विशेष ट्रेन में शयनयान एवं सामान्य द्वितीय श्रेणी के कुल 16 कोच और दो एसएलआरडी कोच सहित कुल 18 कोच लगाए जाएंगे। सभी कोच अनारक्षित श्रेणी के होंगे। इससे यात्रियों को त्योहार के दौरान अतिरिक्त रेल सुविधा उपलब्ध होगी।

