गोरखपुर : लुधियाना और पूर्णिया के बीच चलेगी त्योहार विशेष ट्रेन, गोरखपुर समेत कई स्टेशनों पर होगा ठहराव, लुधियाना व पूर्णिया से होगा संचालन





गोरखपुर। दीपावली और छठ पर्व पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने लुधियाना और पूर्णिया जंक्शन के बीच त्योहार विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। 04660/04659 लुधियाना-पूर्णिया-लुधियाना त्योहार विशेष ट्रेन का संचालन दोनों दिशाओं में दो-दो फेरों के लिए किया जाएगा। इस ट्रेन के गोरखपुर, बस्ती और देवरिया समेत कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव से यात्रियों को राहत मिलेगी। पूर्वाेत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार ने बताया कि 04660 लुधियाना-पूर्णिया जंक्शन त्योहार विशेष ट्रेन पांच और नौ नवंबर को लुधियाना से दोपहर 12 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन ढंडारी कलां, अंबाला कैंट, यमुनानगर जगाधरी, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, सीतापुर, बुढ़वल और गोंडा होते हुए सुबह सात बजे गोरखपुर पहुंचेगी। यहां से देवरिया सदर, भटनी, सीवान, छपरा, सोनपुर, हाजीपुर, शाहपुर पटोरी, बछवारा, बरौनी, बेगूसराय, खगड़िया, मानसी, सहरसा और बनमनखी होते हुए रात 9ः30 बजे पूर्णिया जंक्शन पहुंचेगी। वापसी में 04659 पूर्णिया जंक्शन-लुधियाना त्योहार विशेष ट्रेन छह और 10 नवंबर को रात 11ः30 बजे पूर्णिया से प्रस्थान करेगी। यह बनमनखी, सहरसा, मानसी, खगड़िया, बेगूसराय, बरौनी, बछवारा, शाहपुर पटोरी, हाजीपुर, सोनपुर, छपरा, सीवान, भटनी और देवरिया सदर होते हुए सुबह 11 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। इसके बाद गोंडा, बुढ़वल, सीतापुर, शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद, सहारनपुर, यमुनानगर जगाधरी और अंबाला कैंट होते हुए तीसरे दिन सुबह 6ः50 बजे लुधियाना पहुंचेगी। इस विशेष ट्रेन में शयनयान श्रेणी के आठ, सामान्य द्वितीय श्रेणी के 11 और दो एसएलआर कोच सहित कुल 21 कोच लगाए जाएंगे। रेलवे के इस इंतजाम से त्योहार के दौरान पंजाब, पूर्वांचल और बिहार के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< गोरखपुर : गोरखपुर से होकर रामनगर-पाटलिपुत्र के बीच तीन फेरों में चलेगी त्योहार विशेष ट्रेन, हर रविवार को पाटलिपुत्र से होगा संचालन
गोरखपुर : रेलवे ट्रैक पर इंजीनियरिंग कार्य से कई ट्रेनें प्रभावित, दो निरस्त कर दो के बदले गए मार्ग, कई ट्रेनें रहेंगी नियंत्रित >>