गोरखपुर : गोरखपुर से होकर रामनगर-पाटलिपुत्र के बीच तीन फेरों में चलेगी त्योहार विशेष ट्रेन, हर रविवार को पाटलिपुत्र से होगा संचालन

गोरखपुर। दीपावली और छठ पर्व पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए पूर्वाेत्तर रेलवे प्रशासन ने रामनगर और पाटलिपुत्र के बीच तीन फेरों के लिए त्योहार विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। 05080/05079 रामनगर-पाटलिपुत्र-रामनगर त्योहार विशेष ट्रेन का संचालन सात से 21 नवंबर तक प्रत्येक शनिवार को रामनगर से तथा आठ से 22 नवंबर तक प्रत्येक रविवार को पाटलिपुत्र से किया जाएगा। यह ट्रेन गोरखपुर, बस्ती और खलीलाबाद समेत कई प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी। पूर्वाेत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार ने बताया कि 05080 रामनगर-पाटलिपुत्र त्योहार विशेष ट्रेन प्रत्येक शनिवार को सुबह 5ः50 बजे रामनगर से रवाना होगी। यह काशीपुर, बाजपुर, लालकुआं, किच्छा, बहेड़ी, भोजीपुरा, पीलीभीत, पूरनपुर, मैलानी, गोला गोकर्णनाथ, लखीमपुर, सीतापुर और गोंडा होते हुए रात 8ः02 बजे बस्ती पहुंचेगी। इसके बाद खलीलाबाद से रात 9ः08 बजे और गोरखपुर से रात 10 बजे प्रस्थान करेगी। कप्तानगंज, पडरौना, तमकुही रोड, थावे, गोपालगंज, दिघवा दुबौली, मशरख, मढ़ौरा, खैरा और दिघवारा होते हुए अगले दिन सुबह 7ः35 बजे पाटलिपुत्र पहुंचेगी। वापसी में 05079 पाटलिपुत्र-रामनगर त्योहार विशेष ट्रेन प्रत्येक रविवार को सुबह 9ः45 बजे पाटलिपुत्र से रवाना होगी। यह दिघा ब्रिज, दिघवारा, खैरा, मढ़ौरा, मशरख, दिघवा दुबौली, गोपालगंज, थावे, तमकुही रोड, पडरौना और कप्तानगंज होते हुए रात 8ः25 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। यहां से खलीलाबाद, बस्ती, गोंडा और सीतापुर होते हुए लखीमपुर, गोला गोकर्णनाथ, मैलानी, पूरनपुर, पीलीभीत, भोजीपुरा, बहेड़ी, किच्छा, लालकुआं, बाजपुर और काशीपुर के रास्ते अगले दिन दोपहर 12ः35 बजे रामनगर पहुंचेगी। इस विशेष ट्रेन में सामान्य द्वितीय श्रेणी के चार, एलएसएलआरडी का एक, वातानुकूलित तृतीय श्रेणी के दो, वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी का एक, जनरेटर सह लगेज यान का एक, शयनयान श्रेणी के तीन, सामान्य द्वितीय श्रेणी कुर्सीयान के तीन और वातानुकूलित कुर्सीयान का एक कोच सहित कुल 16 कोच लगाए जाएंगे। इससे उत्तराखंड, पूर्वांचल और बिहार के बीच त्योहार पर आवागमन करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।

