अनौनी : कैथी टोल प्लाजा के 20 किमी दायरे में रहने वालों को मिलेगा सालाना पास, ग्रामीणों को 1500 तो शहरियों को देने होंगे 3000 रुपये, एक नवंबर से नई व्यवस्था लागू





अनौनी। वाराणसी-गोरखपुर राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित कैथी टोल प्लाजा के आसपास रहने वाले स्थानीय वाहन स्वामियों को अब बार-बार टोल शुल्क जमा करने की झंझट से राहत मिलेगी। एक नवंबर से स्थानीय लोगों के लिए वार्षिक पास की नई व्यवस्था लागू कर दी गई है। इसके तहत टोल प्लाजा से 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले ग्रामीण क्षेत्र के वाहन स्वामियों को 1500 रुपये और शहरी क्षेत्र के वाहन स्वामियों को 3000 रुपये में एक साल का पास उपलब्ध कराया जाएगा। नई व्यवस्था के तहत वार्षिक पास बनवाने वाले वाहन स्वामियों को एक वर्ष तक संबंधित टोल प्लाजा से आवागमन की सुविधा मिलेगी। इसके लिए वाहन स्वामी राजमार्ग यात्रा एप के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा कैथी टोल प्लाजा पर पहुंचकर भी पास बनवाने की सुविधा दी गई है। अब तक स्थानीय वाहन स्वामियों को मासिक पास के लिए 360 रुपये शुल्क देना पड़ता था। इसकी वैधता समाप्त होने पर हर महीने दोबारा शुल्क जमा करना पड़ता था। नई व्यवस्था में एकमुश्त राशि जमा कर पूरे साल टोल पार करने की सुविधा मिलेगी। इससे नियमित रूप से नौकरी, कारोबार और अन्य जरूरी कामों के लिए आवागमन करने वाले लोगों को विशेष राहत मिलेगी। हालांकि, पास की सुविधा निर्धारित 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले पात्र स्थानीय वाहन स्वामियों के लिए ही है। ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के अनुसार शुल्क निर्धारित किए जाने से आसपास के लोगों को टोल आवागमन में आर्थिक और व्यावहारिक सहूलियत मिलने की उम्मीद है।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< सादात : दीपावली सहित आगामी त्योहारों को लेकर पुलिस ने किया पैदल मार्च, सुरक्षा का दिलाया भरोसा
सैदपुर : 3000 मीटर पैदल चाल में खुशबू ने जीता स्वर्ण, राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए किया क्वालीफाई >>