सादात : दीपावली सहित आगामी त्योहारों को लेकर पुलिस ने किया पैदल मार्च, सुरक्षा का दिलाया भरोसा

सादात। दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए मंगलवार शाम नगर में पुलिस-प्रशासन ने फ्लैग मार्च किया। अधिकारियों के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने नगर के प्रमुख मार्गों, चौराहों और बाजारों में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। फ्लैग मार्च का नेतृत्व एसडीएम जखनियां और सीओ सैदपुर ने किया। इस दौरान थानाध्यक्ष तारावती देवी सहित पुलिस बल मौजूद रहा। अधिकारियों ने दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों से संवाद कर त्योहार को आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि या अफवाह की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। थानाध्यक्ष ने पुलिसकर्मियों को त्योहार के दौरान बाजारों में नियमित गश्त और चेकिंग बढ़ाने के निर्देश दिए। भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने के साथ यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।

