सैदपुर : रोजगार मेले में 1300 से अधिक युवाओं ने किया प्रतिभाग, 523 को मिला नौकरी का ऑफर लेटर, चहके युवा

सैदपुर। नगर के वार्ड 11 स्थित निजी कॉलेज परिसर में मंगलवार को उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत विधानसभा स्तरीय वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इसमें 1300 से अधिक युवक-युवतियों ने प्रतिभाग किया। विभिन्न कंपनियों की ओर से साक्षात्कार और चयन प्रक्रिया के बाद 523 अभ्यर्थियों को नौकरी के लिए ऑफर लेटर प्रदान किए गए। रोजगार की आस लेकर पहुंचे युवाओं में पूरे आयोजन के दौरान उत्साह देखने को मिला। इसके पूर्व मेले का शुभारंभ बतौर मुख्य अतिथि बिरनो केब्लॉक प्रमुख राजन सिंह, एसडीएम ज्योति चौरसिया, जिपं सदस्य अभय प्रकाश सिंह व जिला सेवायोजन अधिकारी गौरव सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर तथा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। इस दौरान जिला सेवायोजन अधिकारी ने विभाग की ओर से संचालित रोजगारपरक योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पांच नवंबर को जखनियां विधानसभा क्षेत्र में भी रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। एसडीएम ज्योति चौरसिया ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि रोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए नेतृत्व क्षमता और कौशल विकास पर विशेष ध्यान देना जरूरी है। उन्होंने आउटसोर्सिंग पोर्टल के माध्यम से मिलने वाले अवसरों के साथ ही विदेशों में भर्ती की संभावनाओं के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने युवाओं से अपने भविष्य के प्रति सजग रहने और उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने की अपील की। मुख्य अतिथि ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। युवाओं को अपनी कार्यक्षमता और कौशल का विकास कर देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए तैयार रहना होगा। कार्यक्रम के समापन पर अतिथियों ने प्रतीकात्मक रूप से 15 युवक-युवतियों को ऑफर लेटर वितरित किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मेले में कुल 523 अभ्यर्थियों को विभिन्न कंपनियों की ओर से ऑफर लेटर दिए गए।

