सैदपुर : बिना लाइसेंस के पटाखों की दुकानें मिलीं तो होगी कार्रवाई, थाने पर बैठक में एसडीएम व सीओ ने लापरवाहियों पर दिखाई सख्ती





सैदपुर। आगामी धनतेरस, दीपावली, भाई दूज, छठ पूजा और गणेश-लक्ष्मी प्रतिमा स्थापना को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए मंगलवार को कोतवाली परिसर में शांति समिति की बैठक हुई। इसमें एसडीएम ज्योति चौरसिया ने त्योहारों के दौरान सुरक्षा, यातायात, पटाखों की बिक्री और गंगा घाटों पर व्यवस्थाओं को लेकर जनप्रतिनिधियों व संभ्रांत नागरिकों से चर्चा की। एसडीएम ने पटाखों की दुकानों को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोग अपने घरों के बाहर या आसपास किसी को भी पटाखों की छोटी दुकान लगाने की अनुमति न दें। अक्सर ऐसी छोटी दुकानों को लेकर की गई लापरवाही बड़े हादसों का कारण बनती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना लाइसेंस के पटाखों की दुकानें अवैध हैं। औड़िहार रेलवे स्टेशन रोड पर भीड़ और पटाखों की दुकानों के संबंध में जानकारी लेने के बाद उन्होंने सीओ को निर्देश दिया कि पूरे थाना क्षेत्र में बिना लाइसेंस संचालित दुकानों को हटवाया जाए। ऐसी दुकानों का संचालन किसी भी स्थिति में नहीं होना चाहिए। बैठक में एसडीएम ने गणेश प्रतिमाओं की स्थापना के स्थानों और विसर्जन की व्यवस्था के बारे में भी जानकारी ली। बताया गया कि क्षेत्र में दो स्थानों पर गणेश प्रतिमाएं स्थापित की जाती हैं। वहीं छठ पूजा की तैयारियों पर चर्चा के दौरान लोगों ने पूर्व की तरह सभी गंगा घाटों पर नाव के माध्यम से बैरिकेडिंग कराने की मांग रखी। एसडीएम ने बताया कि व्यवस्थाओं को लेकर जल्द ही बीडीओ और ग्राम प्रधानों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए बैठक की जाएगी। बैठक में घाटों से जुड़ी समस्याएं भी उठीं। एक जनप्रतिनिधि ने बताया कि पिछले वर्ष भितरी चौकी क्षेत्र के सोन्हौली में छठ पूजा के घाट तक जाने वाले रास्ते पर किसी ने कांच की बोतल तोड़कर फेंक दी थी, जिससे श्रद्धालुओं को परेशानी हुई थी। पूर्व सभासद संतोष पहलवान ने सिद्धेश्वर महादेव घाट पर कूड़ा जमा होने की समस्या उठाई। इस पर नगर पंचायत के माध्यम से सफाई कराने की बात कही गई। फुलवारी कलां में गंगा किनारे मिट्टी का कटान होने, विभिन्न घाटों पर सुअरों के जमावड़े और बाराह घाट पर कटान की समस्या भी सामने आई। त्योहारों के दौरान घाटों पर पटाखे फोड़ने से होने वाली परेशानी और सुरक्षा व्यवस्था पर भी चर्चा हुई। एसडीएम ने कहा कि सभी घाटों पर व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के लिए संबंधित समितियों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। बैठक में शामिल नहीं होने वाली घाट समितियों को भी अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। संबंधित घाट पर कोई अव्यवस्था या समस्या सामने आने पर जवाबदेही तय की जाएगी। इस मौके पर कोतवाल अमित मिश्रा, एसएसआई प्रताप नारायण, एसआई अनोज सिंह, ज्ञानेश्वर सिंह, चौकी प्रभारी मनोज पांडेय, सराफा व्यवसायी शिवम वर्मा कल्लू, सभासद कुलदीप निषाद, प्रतिनिधि इरफान, पूर्व सभासद संतोष पहलवान, बिरजू सोनकर आदि रहे।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< नंदगंज : 25 हजार के ईनामी गैंगस्टर व अंतर्जनपदीय बदमाश को पुलिस ने गोली मारकर किया गिरफ्तार, अवैध तमंचा बरामद
सैदपुर : रोजगार मेले में 1300 से अधिक युवाओं ने किया प्रतिभाग, 523 को मिला नौकरी का ऑफर लेटर, चहके युवा >>