गाजीपुर : प्रादेशिक एथलेटिक्स प्रतियोगिता में गाजीपुर के खिलाड़ियों ने जीते 11 पदक, खुशबू यादव ने हासिल किया गोल्ड मेडल

गाजीपुर। प्रयागराज के मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में 30 अक्टूबर से आयोजित 70वीं पांच दिवसीय प्रादेशिक विद्यालयीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में गाजीपुर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का मान बढ़ाया। प्रतियोगिता के अंतिम दिन मंगलवार को टाउन नेशनल इंटर कॉलेज सैदपुर की छात्रा खुशबू यादव ने 3000 मीटर पैदल चाल में स्वर्ण पदक जीतकर राष्ट्रीय स्तर की विद्यालयीय प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया। हरियाणा में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में अब वह प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी। प्रतियोगिता में गाजीपुर के खिलाड़ियों ने कुल 11 पदक हासिल किए, जिनमें तीन स्वर्ण, तीन रजत और एक कांस्य सहित अंतिम दिनों में मिली सफलताओं के साथ जिले की पदक तालिका में बढ़ोतरी हुई। क्रीड़ा सचिव आकाश सिंह के अनुसार, वाराणसी मंडल का प्रतिनिधित्व करते हुए लूर्दस कान्वेंट गर्ल्स इंटर कॉलेज की नीलम बिंद ने 4×400 मीटर रिले में स्वर्ण और 4×100 मीटर रिले में रजत पदक जीता। डॉ. एमए अंसारी इंटर कॉलेज की पायल शर्मा ने कांस्य और इसी विद्यालय के अभय प्रसाद ने 5000 मीटर पैदल चाल में रजत पदक हासिल किया। इससे पूर्व सोमवार को सुभाष विद्या मंदिर इंटर कॉलेज बहरियाबाद के शुभम यादव ने अंडर-19 बालक वर्ग में 100 मीटर और 200 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीतने के साथ 4×100 मीटर रिले में रजत पदक हासिल कर पदकों की हैट्रिक पूरी की थी। टाउन नेशनल इंटर कॉलेज सैदपुर के अनिल बिंद ने 800 मीटर दौड़ में रजत पदक जीता। प्रतियोगिता के शुरुआती दिनों में बापू इंटर कॉलेज सादात के आदित्य यादव ने 3000 मीटर दौड़ में रजत, डॉ. एमए अंसारी इंटर कॉलेज यूसुफपुर मुहम्मदाबाद के कृष्णा प्रजापति ने हाई जंप में कांस्य और नेहरू विद्यापीठ इंटर कॉलेज रेवतीपुर की आरती यादव ने अंडर-17 बालिका वर्ग की 1500 मीटर दौड़ में रजत पदक हासिल किया था। खुशबू यादव इससे पहले भी कई राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में टाउन नेशनल इंटर कॉलेज और उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। उनके कोच एवं विद्यालय के शारीरिक शिक्षक डॉ. रुद्रपाल यादव ने बताया कि खुशबू की इस सफलता से विद्यालय और जिले का गौरव बढ़ा है। प्रतियोगिता में वाराणसी मंडल ओवरऑल चैंपियन रहा। बालक अंडर-19, बालिका अंडर-19 और बालिका अंडर-17 वर्ग में भी मंडल की टीम ने चैंपियनशिप हासिल की। विजेता खिलाड़ियों को मुख्य अतिथि माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश प्रयागराज के सचिव भगवती सिंह ने पुरस्कृत किया। जिले की टीम ने माध्यमिक विद्यालयों के क्रीड़ा सचिव आकाश सिंह के नेतृत्व में प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया। खिलाड़ियों के साथ मैनेजर एवं कोच मुरलीधर राय, डॉ. रुद्रपाल यादव, नेसार अहमद फैज, हिमांशु सिंह, दिव्यांशु सिंह, अखिलेश यादव, राजेश यादव, रामअवध राम आदि अन्य प्रशिक्षक मौजूद रहे। खिलाड़ियों की उपलब्धि पर जिला विद्यालय निरीक्षक प्रकाश सिंह सहित जिले के विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, शिक्षकों और शारीरिक शिक्षकों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

