गाजीपुर : ऊर्जा संरक्षण के लिए रेलकर्मियों ने ली शपथ, गाजीपुर सिटी स्टेशन भी अभियान में शामिल, डीआरएम ने की अपील

गाजीपुर। पूर्वाेत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में आयोजित सतत स्वस्थ जीवनशैली सप्ताह के तहत सोमवार को ऊर्जा संरक्षण को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान गाजीपुर सिटी रेलवे स्टेशन सहित मंडल के प्रमुख स्टेशनों, कार्यालयों, रेलवे कॉलोनियों और मंडलीय चिकित्सालय में रेल अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सफाईकर्मियों को ऊर्जा संरक्षण की शपथ दिलाई गई। रेलवे बोर्ड के निर्देश पर एक से सात नवंबर तक आयोजित इस सप्ताह का उद्देश्य स्वस्थ दिनचर्या अपनाने के साथ ऊर्जा संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग और पर्यावरण के अनुकूल जीवनशैली को बढ़ावा देना है। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (सामान्य) कुंवर सिंह यादव के नेतृत्व में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान के दौरान कर्मचारियों को बताया गया कि बिजली की बचत केवल विद्युत खपत कम करने तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में भी मदद मिलती है। दैनिक जीवन में छोटी-छोटी सावधानियां अपनाकर ऊर्जा की बर्बादी रोकी जा सकती है। शपथ के दौरान रेलकर्मियों ने संकल्प लिया कि कार्यालयों, कार्यस्थलों और अन्य परिसरों में आवश्यकता नहीं होने पर लाइट, पंखे, एयर कंडीशनर सहित अन्य विद्युत उपकरण बंद रखेंगे। साथ ही बिजली का उपयोग जरूरत के अनुसार करेंगे और अनावश्यक खपत रोकने के लिए दूसरों को भी जागरूक करेंगे। इस अभियान में छपरा, बलिया, वाराणसी सिटी, प्रयागराज रामबाग, सीवान, भटनी, मऊ, गाजीपुर सिटी, आजमगढ़ और बनारस रेलवे स्टेशनों सहित मंडल के विभिन्न छोटे-बड़े स्टेशनों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए।

