गाजीपुर : जल संरक्षण को लेकर गाजीपुर सिटी सहित 10 प्रमुख स्टेशनों पर रेलवे ने चलाया जागरूकता अभियान, जल की बर्बादी रोकने को किया जागरूक





गाजीपुर। पूर्वाेत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में सतत स्वस्थ जीवनशैली सप्ताह के तहत मंगलवार को जल संरक्षण को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। एक से सात नवंबर तक आयोजित इस सप्ताह के अंतर्गत गाजीपुर सिटी रेलवे स्टेशन सहित मंडल के विभिन्न स्टेशनों, रेलवे कॉलोनियों और कार्यालयों में रेलकर्मियों एवं यात्रियों को पानी की महत्ता बताते हुए इसके विवेकपूर्ण उपयोग के लिए प्रेरित किया गया। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) विकास कुमार सिंह के नेतृत्व में आयोजित अभियान की इस बार की थीम श्सेव वाटरश् रखी गई। इसके तहत लोगों को दैनिक जीवन में पानी की बर्बादी रोकने, इस्तेमाल के बाद नल बंद रखने, जल स्रोतों को प्रदूषण से बचाने और वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने की जानकारी दी गई। अभियान के दौरान गाजीपुर सिटी समेत छपरा, बलिया, वाराणसी सिटी, प्रयागराज रामबाग, सीवान, भटनी, मऊ, आजमगढ़ और बनारस रेलवे स्टेशनों पर जल स्रोतों की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया गया। पानी की टंकियों, नलों और वाटर बूथों की सफाई कर स्वच्छता सुनिश्चित की गई। वहीं, बैनर और पोस्टरों के माध्यम से जल संरक्षण के संदेश प्रसारित किए गए। मंडल के विभिन्न स्टेशनों, कार्यालयों और चिकित्सालयों में रेलकर्मियों, सफाईकर्मियों तथा यात्रियों को जल संरक्षण की शपथ भी दिलाई गई। रेलवे प्रशासन ने लोगों से पानी की प्रत्येक बूंद का सदुपयोग करने की अपील की। अभियान का उद्देश्य जल संरक्षण के प्रति जनभागीदारी बढ़ाने के साथ स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल के महत्व के प्रति जागरूकता विकसित करना है।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< अनौनी : निःशुल्क नेत्र शिविर में 68 मरीजों की हुई जांच, 21 को ऑपरेशन के लिए किया गया रेफर
गाजीपुर : ऊर्जा संरक्षण के लिए रेलकर्मियों ने ली शपथ, गाजीपुर सिटी स्टेशन भी अभियान में शामिल, डीआरएम ने की अपील >>