जखनियां : दुर्लभ सत्संग को लेकर निकली भव्य शोभायात्रा, जगह-जगह हुआ स्वागत, 5 नवंबर तक चलेगा धार्मिक आयोजन

जखनियां। क्षेत्र के पदुमपुर रामराय में आयोजित दुर्लभ सत्संग को लेकर इन दिनों भक्तिमय माहौल बना हुआ है। 30 अक्टूबर से शुरू हुआ यह धार्मिक आयोजन पांच नवंबर तक चलेगा। इसी क्रम में मंगलवार को सत्संग के तीसरे दिन कथा स्थल से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इसमें दोपहिया और चारपहिया वाहनों का लंबा काफिला शामिल रहा। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शोभायात्रा पदुमपुर रामराय से शुरू होकर आगापुर, चलनी, जखनियां बाजार, पदुमपुर, अलीपुर मदंरा, रामसिंहपुर, सिखड़ी और धामूपुर सहित आसपास के विभिन्न गांवों से होकर गुजरी। इसके बाद श्रद्धालुओं का काफिला पुनः सत्संग स्थल पर पहुंचा। यात्रा के दौरान क्षेत्र में धार्मिक उल्लास का माहौल बना रहा। पदुमपुर स्थित वीरेंद्र प्रताप सिंह इंटर कॉलेज के मैदान में ऋषिकेश से पधारे परम संत स्वामी विजयानंद के सानिध्य में सत्संग का आयोजन किया जा रहा है। उनके मुखारविंद से ज्ञान, भक्ति और अध्यात्म की अमृतमयी वाणी सुनने के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। आयोजन के माध्यम से लोगों को आध्यात्मिक चिंतन और सत्संग के महत्व से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इस मौके पर अजय विक्रम सिंह उर्फ पिंकी सिंह, वेद प्रकाश पांडेय, सिद्धार्थ सिंह, प्रधान रामाधार गुप्ता गुड्डू, उपेंद्र प्रताप सिंह रिंकू, कृष्ण चंद्र पांडेय, नीरज सिंह, पिंकू सिंह, पूर्व प्रधान दयाशंकर त्रिपाठी, मोनू तिवारी आदि रहे।

