अनौनी : कंपोजिट स्कूल के पास महीने भर से खुला पड़ा है जल निगम द्वारा खोदा गया गड्ढा, स्कूली बच्चों पर मंडरा रहा हादसे का खतरा

अनौनी। सरकारी कार्यों में लापरवाही किस तरह आम लोगों के लिए परेशानी और खतरे का कारण बन सकती है, इसकी बानगी अनौनी गांव में देखने को मिल रही है। अनौनी कंपोजिट विद्यालय के ठीक पास जल निगम की ओर से पाइपलाइन लीकेज ठीक करने के नाम पर करीब एक महीने पहले खोदा गया गड्ढा अब तक खुला पड़ा है। विद्यालय के नजदीक होने के कारण यहां से गुजरने वाले छात्र-छात्राओं और राहगीरों के लिए हादसे का खतरा बना हुआ है। अनौनी-डढ़वल मार्ग पर पानी की टंकी का निर्माण भी अभी अधूरा पड़ा है। इसी बीच पाइपलाइन की मरम्मत के लिए खोदे गए गड्ढे को बिना पाटे छोड़ दिया गया है। मौके पर मिट्टी का बड़ा ढेर और गहरा गड्ढा होने से रास्ते से गुजरने वालों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। गड्ढे के चारों ओर बांस की बल्लियां लगाकर सुरक्षा की औपचारिकता पूरी कर दी गई है, लेकिन इससे खतरा पूरी तरह टला नहीं है। ग्रामीणों का कहना है कि दिन के उजाले में लोग किसी तरह बचकर निकल जाते हैं, लेकिन शाम होते ही स्थिति और खतरनाक हो जाती है। विद्यालय आने-जाने वाले छोटे बच्चों के गड्ढे में गिरने की आशंका बनी रहती है। इसे लेकर अभिभावक भी चिंतित हैं। ग्रामीणों ने जल निगम के अधिकारियों से तत्काल गड्ढे को भरवाने और अधूरी पानी की टंकी का निर्माण पूरा कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि किसी बड़ी दुर्घटना के बाद कार्रवाई करने के बजाय विभाग को पहले ही सुरक्षा के इंतजाम सुनिश्चित करने चाहिए।

