सैदपुर : राष्ट्रीय ताइक्वांडो में कांस्य जीतकर लौटी आयुषी का भव्य स्वागत, श्रीनगर में आयोजित 70वीं राष्ट्रीय विद्यालयीय प्रतियोगिता में हासिल किया था मेडल





सैदपुर। राष्ट्रीय स्तर पर ताइक्वांडो में कांस्य पदक जीतकर लौटने पर भीमापार क्षेत्र के कैथवलिया गांव की बेटी आयुषी सिंह का मंगलवार को गैबीपुर स्थित गौतम स्पोर्ट्स एकेडमी में भव्य स्वागत किया गया। फूल-मालाओं से लदी आयुषी की उपलब्धि पर एकेडमी के खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों ने खुशी जताते हुए उन्हें सम्मानित किया। उनकी सफलता से क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में 22 से 26 अक्टूबर तक जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में आयोजित 70वीं राष्ट्रीय विद्यालयीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में आयुषी ने कांस्य पदक हासिल किया। वह एकेडमी की प्रशिक्षु और कक्षा 10वीं की छात्रा हैं। राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश की विद्यालयी टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए उन्होंने सेमीफाइनल तक का सफर तय किया। आयुषी की इस सफलता के पीछे जिला से लेकर प्रदेश स्तर तक का उनका शानदार प्रदर्शन रहा। उन्होंने माध्यमिक शिक्षा विभाग की जिला स्तरीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता। इसके बाद चंदौली में आयोजित वाराणसी मंडल स्तरीय प्रतियोगिता और गोरखपुर में हुई प्रदेशीय विद्यालयीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में भी स्वर्ण पदक हासिल कर राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए उत्तर प्रदेश की टीम में जगह बनाई। एकेडमी के प्रबंध निदेशक अमित कुमार सिंह ने बताया कि आयुषी इससे पहले 68वीं और 69वीं राष्ट्रीय विद्यालयी प्रतियोगिताओं में भी उत्तर प्रदेश की टीम के लिए चयनित हुई थीं, लेकिन तब पदक हासिल नहीं कर सकी थीं। इस बार उन्होंने अपने प्रदर्शन में उल्लेखनीय सुधार करते हुए सेमीफाइनल तक पहुंचकर कांस्य पदक अपने नाम किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि आयुषी अपने शेष दो स्कूल गेम्स सत्रों में और बेहतर प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक जीतने का प्रयास करेंगी। मंगलवार को एकेडमी पहुंचने पर अमित कुमार सिंह के नेतृत्व में खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों ने आयुषी का फूल-मालाओं से स्वागत किया। साथी खिलाड़ियों ने उनकी उपलब्धि को एकेडमी के लिए गौरवपूर्ण बताते हुए बधाई दी। इस मौके पर आयुषी के पिता नरेंद्र सिंह, माता ज्ञानमाला सिंह, ताइक्वांडो कोच विशाल कुमार, बॉक्सिंग कोच जय हिंद यादव, विनय कुमार, गोविंदा यादव आदि रहे।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< गाजीपुर : दीपावली-डाला छठ पर आनंद विहार से छपरा के बीच चलेगी विशेष ट्रेन, गाजीपुर सिटी में भी होगा ठहराव
जखनियां : दुर्लभ सत्संग को लेकर निकली भव्य शोभायात्रा, जगह-जगह हुआ स्वागत, 5 नवंबर तक चलेगा धार्मिक आयोजन >>