वाराणसी : मंडल के सात रेलकर्मी हुए सेवानिवृत्त, विदाई के दिन ही पात्र कर्मचारियों को मिली पदोन्नति, डीआरएम ने दी समापक धनराशि

वाराणसी। पूर्वाेत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में 31 अक्टूबर को विभिन्न विभागों के सात रेलकर्मी सेवानिवृत्त हो गए। इस अवसर पर दो नवंबर को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय स्थित भारतेंदु सभागार में आयोजित कार्यक्रम में डीआरएम आशीष जैन ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को समापक धनराशि का भुगतान किया। साथ ही उनकी सेवानिवृत्ति से रिक्त हुए पदों पर वरीयता क्रम में आने वाले पात्र कर्मचारियों को पदोन्नति पत्र भी प्रदान किए गए। डीआरएम आशीष जैन ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रेलवे की सेवा केवल नौकरी नहीं, बल्कि एक तपस्या है। कर्मचारियों ने अपने जीवन के महत्वपूर्ण वर्ष सर्दी, गर्मी और बरसात की परवाह किए बिना भारतीय रेल की व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में लगाए हैं। उनकी मेहनत, निष्ठा और समर्पण के कारण ही रेलवे निरंतर प्रगति के नए आयाम स्थापित कर रही है। उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मचारियों और उनके परिवारों के सुखद, स्वस्थ एवं खुशहाल जीवन की कामना की। साथ ही भरोसा दिलाया कि भविष्य में किसी भी प्रशासनिक सहयोग की जरूरत पड़ने पर रेल प्रशासन उनके साथ खड़ा रहेगा। डीआरएम ने बताया कि मंडल के कार्मिक विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रयास से सेवानिवृत्ति के दिन ही रिक्त होने वाले पदों पर वरीयता क्रम के पात्र कर्मचारियों को पदोन्नति पत्र जारी किए गए। इससे कर्मचारियों को समय से लाभ मिल सकेगा। इससे पूर्व वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिनव कुमार सिंह ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को आईकार्ड, सेवा प्रमाणपत्र, पेंशन भुगतान आदेश (पीपीओ), डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र सहित अन्य जरूरी दस्तावेजों की जानकारी दी। उन्होंने कर्मचारियों को अपनी सेवानिवृत्ति के बाद मिलने वाली धनराशि का सोच-समझकर उपयोग करने की सलाह दी। साथ ही उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान का आश्वासन दिया। 31 अक्टूबर को सेवानिवृत्त होने वालों में मऊ के ट्रेन मैनेजर सरोज सिंह और वरिष्ठ तकनीशियन हरिनारायण, गोरखपुर के लोको पायलट जवाहर लाल और वरिष्ठ लिपिक सत्यप्रकाश वर्मा, सीवान के वरिष्ठ तकनीशियन कृपाल सिंह और मुख्य कार्यालय अधीक्षक टुनटुन प्रसाद तथा कप्तानगंज के सहायक उप निरीक्षक लालमन प्रसाद शामिल रहे। कार्यक्रम में वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक राजेश कुमार, सहायक कार्मिक अधिकारी द्वितीय राम सिंह सहित लेखा एवं कार्मिक विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

