सुहवल : तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से बाइक सवार 4 लोग गंभीर रूप से घायल, 12 वर्षीय बच्ची की मौत से परिजनों का बुरा हाल

सुहवल। थानाक्षेत्र में सोमवार की शाम तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से बाइक सवार एक ही परिवार के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को उपचार के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान 12 वर्षीय बच्ची ने दम तोड़ दिया। हादसे में बच्ची की मौत से परिवार में मातम छा गया, जबकि दंपती और उनकी छह वर्षीय बेटी का उपचार जारी है। दुल्लहपुर निवासी संजय (45) सोमवार की शाम अपनी पत्नी सीमा (35) और दो बेटियों रिशा (12) व प्रिशा (6) के साथ बाइक से गाजीपुर से नौली जा रहे थे। इसी दौरान रेवतीपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार अज्ञात पिकअप ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक सवार चारों लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर जुटे लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सदर अस्पताल गोराबाजार पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया, लेकिन गंभीर रूप से घायल रिशा की इलाज के दौरान मौत हो गई। संजय, उनकी पत्नी सीमा और छोटी बेटी प्रिशा का उपचार चल रहा है। थानाध्यक्ष कमलेश कुमार ने बताया कि हादसे में घायल सभी चारों लोग दुल्लहपुर के निवासी हैं। घटना की जानकारी परिजनों को दे दी गई थी, जिसके बाद वे अस्पताल पहुंच गए। टक्कर मारने वाली अज्ञात पिकअप के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

