नोनहरा : नीट का परीक्षा परिणाम आने से पहले छात्रा की मौत, शव मिलने के बाद सोनभद्र मेडिकल कॉलेज में चयन की आई सूचना





नोनहरा। नीट परीक्षा के परिणाम का इंतजार कर रही गाजीपुर की 20 वर्षीय छात्रा रीतू शर्मा की सोमवार को प्रयागराज स्थित आवास पर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। कमरे से पुलिस को चार पन्नों का सुसाइड नोट मिलने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि उसमें नीट में सफलता नहीं मिलने को लेकर निराशा का जिक्र है। घटना का दुखद पहलू यह रहा कि छात्रा की मौत के बाद सोमवार शाम घोषित नीट के परिणाम में उसका चयन सोनभद्र मेडिकल कॉलेज के लिए हो गया। इस खबर के सामने आने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। नोनहरा थानाक्षेत्र के थनईपुर गांव निवासी इंजीनियर देवराज शर्मा प्रयागराज के झूंसी थाना क्षेत्र स्थित त्रिवेणीपुरम कॉलोनी में परिवार के साथ रहते हैं। उनकी बेटी रीतू नीट की तैयारी कर रही थी। उनका बेटा ऋषिराज देहरादून में बीटेक की पढ़ाई कर रहा है। परिजनों के मुताबिक, रविवार रात भोजन करने के बाद रीतू अपने कमरे में पढ़ने चली गई थी। वह देर रात तक पढ़ाई करती थी और आमतौर पर अगले दिन दोपहर में उठती थी। सोमवार को दोपहर करीब तीन बजे तक जब रीतू कमरे से बाहर नहीं आई तो पिता ने कई बार आवाज लगाई। अंदर से कोई जवाब नहीं मिलने पर उन्होंने खिड़की से झांककर देखा तो बेटी अचेत अवस्था में पड़ी थी। इसके बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची झूंसी पुलिस ने कमरे का दरवाजा खोलकर छात्रा को बाहर निकाला। पुलिस को कमरे से चार पन्नों का सुसाइड नोट और लाइसेंसी पिस्टल मिली। पुलिस ने नोट, मोबाइल और अन्य साक्ष्य कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। एसीपी झूंसी अरुण पराशर ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस सुसाइड नोट सहित सभी साक्ष्यों की जांच कर घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। उधर, परिणाम घोषित होने पर रीतू का चयन सोनभद्र मेडिकल कॉलेज में होने की जानकारी मिली तो परिवार और परिचितों के बीच शोक के साथ गहरा सदमा छा गया। पिता देवराज शर्मा और मां अमवती शर्मा का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की खबर से थनईपुर गांव में भी मातम पसरा हुआ है।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< बिरनो : दूसरे दिन भी ससुराल के बरामदे में बैठी रही विवाहिता, आदेश के बावजूद पति के घर प्रवेश न मिलने का लगाया आरोप
सुहवल : तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से बाइक सवार 4 लोग गंभीर रूप से घायल, 12 वर्षीय बच्ची की मौत से परिजनों का बुरा हाल >>