बिरनो : दूसरे दिन भी ससुराल के बरामदे में बैठी रही विवाहिता, आदेश के बावजूद पति के घर प्रवेश न मिलने का लगाया आरोप





बिरनो। थानाक्षेत्र के बिरनो बनकटवा गांव में न्यायालय के आदेश पर ससुराल पहुंची विवाहिता माया यादव दूसरे दिन भी पति गोविंद यादव के घर के बाहर बरामदे में बैठी रही। विवाहिता का आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग घर में आने-जाने के बावजूद उसे अंदर प्रवेश नहीं दे रहे हैं। वहीं, ससुराल पक्ष ने उस पर ताला तोड़कर घर में घुसने का प्रयास करने का आरोप लगाया है। माया यादव ने बताया कि देर रात बिरनो थाने की पुलिस मौके पर पहुंची थी। पुलिसकर्मियों ने उसे ठंड से बचाने के लिए कंबल उपलब्ध कराया और उसके ससुर को समझाकर उसे घर में रखने के लिए मनाने का प्रयास किया, लेकिन वे तैयार नहीं हुए। माया के अनुसार, उसके चाचा की ओर से उसके लिए भोजन भेजा जा रहा है। उसका आरोप है कि ससुराल के लोग घर का ताला खोलकर अंदर आते-जाते हैं, लेकिन उसे घर में प्रवेश नहीं करने दे रहे हैं। दूसरी ओर, माया के देवर गोपाल का कहना है कि वह बार-बार बंद दरवाजे पर ईंट-पत्थर मारकर ताला तोड़ने और घर में घुसने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि परिवार के लोग उसे घर में प्रवेश नहीं करने देंगे। इस मामले को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद बना हुआ है। प्रकरण न्यायालय में विचाराधीन है। घटना को लेकर गांव और क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< बिरनो : बेटा गया था पेट्रोल भराने, पीछे से महिला के गले से दिनदहाड़े मंगलसूत्र छीनकर फरार हुए बदमाश, छानबीन में जुटी पुलिस
नोनहरा : नीट का परीक्षा परिणाम आने से पहले छात्रा की मौत, शव मिलने के बाद सोनभद्र मेडिकल कॉलेज में चयन की आई सूचना >>