कासिमाबाद : कथित रूप से शादी से इंकार करने पर छात्रा ने स्कूल से आते समय किया पदार्थ का सेवन, युवक के घर जाकर हुई अचेत, मौत

कासिमाबाद। थानाक्षेत्र के एक गांव में सोमवार को जहरीला पदार्थ खाने से इंटर की एक छात्रा की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों की ओर से इस मामले में एक युवक के साथ प्रेम संबंध और शादी से इंकार किए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, मौत के कारणों की पुष्टि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी। गांव निवासिनी छात्रा अपने ननिहाल में रहकर पढ़ाई करती थी। उसका पड़ोस में रहने वाले यूपी पुलिस में तैनात एक युवक से उसका करीब दो वर्षों से कथित रूप से प्रेम संबंध था। परिजनों ने आरोप लगाया कि उक्त युवक ने शादी से इंकार कर दिया था। जिसके बाद सोमवार को स्कूल से घर लौटते समय छात्रा की तबीयत बिगड़ गई। बताया जा रहा है कि उसने रास्ते में जहरीला पदार्थ खा लिया और इसके बाद युवक के घर पहुंच गई, जहां वह अचेत होकर गिर पड़ी। घटना की जानकारी होने पर परिजन मौके पर पहुंचे और छात्रा को उपचार के लिए अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

