सैदपुर : वर्षा मोबाइल के पास सड़क पर अचानक आई गाय, सड़क की पटरी पर अवैध अतिक्रमण के चलते 2 बाइक सवार युवक गम्भीर रूप से घायल, रेफर

सैदपुर। नगर के वर्षा मोबाइल के पास सोमवार की सुबह सड़क पर अचानक गाय आ जाने और किनारे पटरी पर पहले से वाहन खड़े होने के कारण बाइक सवार दो युवक हादसे का शिकार हो गए। बाइक अनियंत्रित होकर गिरने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर जुटे लोगों ने उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने रेफर कर दिया। घायलों की पहचान नहीं हो सकी है। सोमवार की सुबह एक बाइक पर सवार दो युवक नगर की ओर आ रहे थे। इसी दौरान वर्षा मोबाइल के पास अचानक एक गाय सड़क पर आ गई। उससे बचने के लिए बाइक चालक ने वाहन को किनारे से निकालने का प्रयास किया। मुहल्ला निवासी सपा नेता कमलेश सोनकर ने बताया कि सड़क की पटरी पर पहले से कई वाहन खड़े होने के कारण वो निकल नहीं सका और बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई, जिससे दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों के नाम और पते की जानकारी नहीं मिल सकी। वहीं, उनकी बाइक को पुलिस ने कोतवाली में खड़ा करा दिया। इस घटना के बाद सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से वाहनों की पार्किंग और वहीं उनकी मरम्मत किए जाने का मामला भी सामने आया है। सपा नेता ने ही बताया कि यहां आसपास सड़क की पटरी पर रोजाना बड़ी संख्या में वाहन खड़े कर दिए जाते हैं। यहीं पर उनकी मरम्मत भी होती है। इसके चलते पटरी का लगभग पूरा हिस्सा काफी हिस्सा वाहनों से घिरा रहता है और सड़क पर आवागमन के लिए जगह कम हो जाती है। उन्होंने बताया कि यह समस्या किसी एक दिन की नहीं, बल्कि रोजाना बनी रहती है। ऐसे में सड़क पर अचानक कोई बाधा आने पर वाहन चालकों के लिए बचकर निकलना मुश्किल हो जाता है। इस संबंध में कोतवाल अमित मिश्रा ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिली है। अभी तक किसी की ओर से तहरीर नहीं दी गई है। दुर्घटनाग्रस्त बाइक को कोतवाली में खड़ा कराया गया है।

