बहरियाबाद : प्रादेशिक एथलेटिक्स प्रतियोगिता में गाजीपुर के खिलाड़ियों का जलवा, शुभम की हैटट्रिक के साथ जिले को मिले तीन और पदक

बहरियाबाद। प्रयागराज के मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में आयोजित 70वीं पांच दिवसीय प्रादेशिक विद्यालयी एथलेटिक्स प्रतियोगिता में गाजीपुर के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है। प्रतियोगिता के चौथे दिन सोमवार को जनपद के एथलीटों ने एक स्वर्ण और दो रजत सहित तीन पदक जीतकर जिले का मान बढ़ाया। वाराणसी मंडल की ओर से प्रतिभाग कर रहे सुभाष विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, बहरियाबाद के शुभम यादव प्रतियोगिता में आकर्षण का केंद्र बने रहे। उन्होंने अंडर-19 बालक वर्ग की 200 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि 4×100 मीटर रिले रेस में रजत पदक अपने नाम किया। इससे पहले वह 100 मीटर दौड़ में भी स्वर्ण पदक जीत चुके हैं। इस तरह शुभम ने प्रतियोगिता में तीन पदक जीतकर अपनी उपलब्धियों की हैटट्रिक पूरी की। वहीं, टाउन नेशनल इंटर कॉलेज, सैदपुर के अनिल बिंद ने 800 मीटर दौड़ में रजत पदक हासिल किया। इससे पूर्व प्रतियोगिता के पहले और दूसरे दिन भी गाजीपुर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया था। बापू इंटर कॉलेज, सादात के आदित्य यादव ने 3000 मीटर दौड़ में रजत पदक, डॉ. एमए अंसारी इंटर कॉलेज, यूसुफपुर मुहम्मदाबाद के कृष्णा प्रजापति ने हाई जंप में कांस्य पदक तथा नेहरू विद्यापीठ इंटर कॉलेज, रेवतीपुर की आरती यादव ने अंडर-17 बालिका वर्ग की 1500 मीटर दौड़ में रजत पदक जीता था। जनपद के माध्यमिक विद्यालयों के खिलाड़ी एथलेटिक्स मैनेजर एवं कोच मुरलीधर राय, रुद्रपाल यादव, नेसार अहमद फैज, हिमांशु सिंह, दिव्यांशु सिंह, अखिलेश यादव, राजेश यादव और रामअवध राम की देखरेख में प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर रहे हैं। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर जिला विद्यालय निरीक्षक प्रकाश सिंह सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, शिक्षकों और खेल प्रेमियों ने प्रसन्नता जताते हुए सभी पदक विजेताओं को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

