सैदपुर : नगर में दम तोड़ रही व्यवस्था, रेलवे क्रॉसिंग बंद होते ही वाहनों को घेर लेते हैं बच्चे, भीख के लिए पकड़ने लगते हैं राहगीरों के पैर

सैदपुर। नगर में भिक्षावृत्ति की समस्या अब राहगीरों के लिए परेशानी के साथ ही बाल संरक्षण व्यवस्था के सामने भी गंभीर चुनौती बनती जा रही है। रेलवे क्रॉसिंग बंद होते ही सड़क पर खड़े दोपहिया और चारपहिया वाहनों के आसपास भीख मांगने वाले बच्चों का जमावड़ा लग जाता है। एक वाहन सवार के पास से बच्चा हटता है तो दूसरा पैसे मांगने पहुंच जाता है। इनमें छोटी बच्चियों और किशोरियों की संख्या अधिक दिखाई देती है। पैसे मांगने के दौरान कई बार बच्चे वाहन सवारों के पैर पकड़कर लटक जाते हैं। कुछ बच्चे तब तक पीछा नहीं छोड़ते, जब तक उन्हें पैसे नहीं मिल जाते। इससे वाहन चालकों को असहज स्थिति का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों का दावा है कि इनमें कुछ बच्चे नशे के भी आदी हैं, हालांकि इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इन बच्चों के रहने और खाने-पीने की व्यवस्था भी चिंता का विषय है। स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि कई बच्चे रेलवे स्टेशन के आसपास या सड़क किनारे तिरपाल डालकर रहते हैं। ऐसे में उनके जीवन, सुरक्षा और शोषण की आशंका को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। आखिर ये बच्चे कहां से आते हैं, इनके अभिभावक कौन हैं और इनकी देखभाल की जिम्मेदारी किसकी है, यह अब तक स्पष्ट नहीं हो सका है। हैरानी की बात है कि सार्वजनिक स्थानों पर बच्चों के इस तरह भीख मांगने की स्थिति लगातार दिखाई देने के बावजूद समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस पहल नजर नहीं आ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि केवल बच्चों को वहां से हटाना समस्या का समाधान नहीं है, बल्कि उनके परिवार, रहने की स्थिति और भिक्षावृत्ति के पीछे की वजह का पता लगाना जरूरी है। बाल संरक्षण विभाग, पुलिस और नगर प्रशासन को संयुक्त अभियान चलाकर बच्चों की पहचान करनी चाहिए। जरूरतमंद बच्चों को संरक्षण में लेकर उनकी शिक्षा, देखभाल और पुनर्वास की व्यवस्था की जाए, ताकि बचपन सड़कों पर भीख मांगने के बजाय सुरक्षित माहौल में गुजर सके।

