अनौनी : 179 परिषदीय स्कूलों में शुरू होंगी अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं, सैदपुर में 18 हजार विद्यार्थी होंगे शामिल, दो पालियों में होगा आयोजन





अनौनी। बेसिक शिक्षा परिषद के परिषदीय विद्यालयों में अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी हो गया है। आगामी 17 से 21 नवंबर तक कक्षा एक से आठवीं तक के विद्यार्थियों की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। सैदपुर विकासखंड के 179 परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत करीब 18 हजार बच्चे परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा दो पालियों में कराई जाएगी। परीक्षा में कक्षावार अलग-अलग व्यवस्था निर्धारित की गई है। कक्षा एक के विद्यार्थियों का मूल्यांकन मौखिक रूप से किया जाएगा। कक्षा दो में हिंदी और अंग्रेजी की लिखित परीक्षा होगी, जबकि अन्य विषयों का मूल्यांकन मौखिक होगा। कक्षा तीन से पांच तक लिखित और मौखिक दोनों तरह की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। वहीं कक्षा छह से आठ तक के विद्यार्थियों को सभी विषयों की लिखित परीक्षा देनी होगी। कक्षा दो से आठ तक के लिखित प्रश्नपत्र 50 अंकों के निर्धारित किए गए हैं। परीक्षाओं को व्यवस्थित और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रश्नपत्र जनपद स्तर पर तैयार किए जाएंगे। उनकी गोपनीयता बनाए रखने के उद्देश्य से प्रश्नपत्र परीक्षा शुरू होने के समय विद्यालयों तक पहुंचाए जाएंगे। इसके लिए विभाग की ओर से समय से प्रश्नपत्रों के वितरण की जिम्मेदारी भी तय की गई है। अर्द्धवार्षिक परीक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों की शैक्षिक प्रगति और अब तक कराए गए पाठ्यक्रम का मूल्यांकन किया जाएगा। परीक्षा कार्यक्रम घोषित होने के बाद विकासखंड के विद्यालयों में तैयारियां शुरू हो गई हैं। शिक्षक बच्चों को पाठ्यक्रम का दोहराव कराने के साथ ही परीक्षा की तैयारी में जुट गए हैं।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< अनौनी : कलयुग! गूंगी-बहरी बच्ची को अकेला पाकर हवसी ने किया दुष्कर्म? पुलिस ने 1 आरोपी को 12 घंटे में किया गिरफ्तार, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए सुराग
सैदपुर : नगर में दम तोड़ रही व्यवस्था, रेलवे क्रॉसिंग बंद होते ही वाहनों को घेर लेते हैं बच्चे, भीख के लिए पकड़ने लगते हैं राहगीरों के पैर >>