वाराणसी : राष्ट्रीय शूटिंग प्रतियोगिता के लिए छठी रैंक के साथ क्वालीफाई हुए वाराणसी के अंकुर सिंह, लगातार चौथी बार नेशनल्स में दिखाएंगे हुनर

वाराणसी। निशानेबाजी के क्षेत्र में वाराणसी के खिलाड़ी अंकुर सिंह ने एक और उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने 35वीं ऑल इंडिया जीवी मावलनकर शूटिंग चौंपियनशिप-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए आगामी राष्ट्रीय शूटिंग प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई कर लिया है। प्रतियोगिता में छठी रैंक हासिल कर उन्होंने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। उत्तराखंड के देहरादून स्थित त्रिशूल शूटिंग रेंज में 23 अक्टूबर से दो नवंबर तक आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में अंकुर सिंह ने 25 मीटर सेंटर फायर पिस्टल स्पर्धा में हिस्सा लिया। कड़े मुकाबले के बीच उन्होंने छठा स्थान हासिल कर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में अपनी जगह पक्की की। अंकुर सिंह इससे पहले भी लगातार चार बार राष्ट्रीय स्तर की शूटिंग प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर चुके हैं। उनकी इस नई उपलब्धि को उनके खेल जीवन में एक महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है। वह राष्ट्रीय राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एनआरएआई), उत्तर प्रदेश स्टेट राइफल एसोसिएशन और वाराणसी जिला राइफल क्लब से जुड़े हुए हैं। अंकुर का लक्ष्य आगामी प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर भारतीय राष्ट्रीय शूटिंग टीम के ट्रायल तक पहुंचना और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करना है। उन्होंने कहा कि शूटिंग उनके लिए केवल खेल नहीं, बल्कि अनुशासन, धैर्य और समर्पण का माध्यम है। नियमित अभ्यास और दृढ़ संकल्प के साथ वह अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ रहे हैं। अंकुर की इस सफलता से वाराणसी के खेल जगत में खुशी है। उनकी उपलब्धि से अन्य उभरते निशानेबाजों को भी प्रेरणा मिलने की उम्मीद है।

