वाराणसी : रेल पेंशनरों को अब घर बैठे मिलेगा जीवन प्रमाण-पत्र, डीएलसी 5.0 को लेकर वाराणसी में कार्यशाला आयोजित, डीआरएम ने किया शुभारंभ





वाराणसी। सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों और पेंशनरों को जीवन प्रमाण-पत्र जमा करने के लिए अब बैंकों के चक्कर लगाने और लंबी कतारों में खड़े होने से राहत मिलेगी। पेंशनर घर बैठे मोबाइल फोन के माध्यम से डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र बनाकर जमा कर सकेंगे। इसके लिए रेलवे बोर्ड की ओर से राष्ट्रव्यापी डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र अभियान (डीएलसी) 5.0 चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को पूर्वाेत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल की ओर से न्यू लोको कॉलोनी स्थित इंद्रप्रस्थ सामुदायिक हॉल में डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन की अध्यक्षता और वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिनव कुमार सिंह के संयोजन में आयोजित कार्यशाला का शुभारंभ डीआरएम ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यशाला को संबोधित करते हुए डीआरएम आशीष जैन ने कहा कि अभियान का उद्देश्य पेंशनरों के लिए जीवन प्रमाण-पत्र जमा करने की प्रक्रिया को सरल, सुगम और पारदर्शी बनाना है। डिजिटल सुविधा के माध्यम से पेंशनर अपने मोबाइल और ऐप की मदद से घर बैठे प्रमाण-पत्र जमा कर सकते हैं। इससे उन्हें बैंकों में अनावश्यक भागदौड़ और लंबी कतारों से छुटकारा मिलेगा। उन्होंने कहा कि इस अभियान में बैंकों की भूमिका महत्वपूर्ण है। बैंक अधिकारियों के समन्वय से मंडल के शत-प्रतिशत पेंशनरों का डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र बनवाने का प्रयास किया जाना चाहिए। मंडल में अब तक इस दिशा में अच्छी प्रगति हुई है। शेष पेंशनरों के प्रमाण-पत्र भी प्राथमिकता के आधार पर बनवाने के निर्देश दिए गए हैं। वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिनव कुमार सिंह ने बैंकों के प्रतिनिधियों से वाराणसी मंडल के क्षेत्राधिकार में आने वाले सभी पेंशनरों के डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र का कार्य शीघ्र पूरा कराने की अपील की, ताकि सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों और उनके परिजनों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। कार्यशाला में कार्मिक विभाग की ओर से तैयार वीडियो और पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से कार्यालय अधीक्षक सोमनाथ पटेल ने डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र बनाने की पूरी प्रक्रिया समझाई। उन्होंने बताया कि पेंशनर प्ले स्टोर से जीवन प्रमाण ऐप डाउनलोड कर जेनेरेट लाइफ सर्टिफिकेट विकल्प पर जाकर अपना नाम, पीपीओ नंबर और बैंक संबंधी विवरण दर्ज कर सकते हैं। इसके बाद आधार आधारित बायोमेट्रिक अथवा फेस ऑथेंटिकेशन के माध्यम से पहचान सत्यापित करनी होती है। प्रक्रिया पूरी होने पर जीवन प्रमाण आईडी प्राप्त होती है और प्रमाण-पत्र संबंधित पेंशन वितरण एजेंसी तक डिजिटल माध्यम से पहुंच जाता है। पूर्वाेत्तर रेलवे पेंशनर्स एसोसिएशन के मंडल अध्यक्ष प्रदीप कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि डिजिटल युग में ऑनलाइन जीवन प्रमाण-पत्र जमा करना आसान और सुरक्षित हो गया है। पेंशनर घर बैठे यह प्रक्रिया पूरी कर अनावश्यक भागदौड़ से बच सकते हैं। उन्होंने सभी पेंशनरों से इस सुविधा का लाभ उठाने की अपील की। इस दौरान एसबीआई कैंट के शाखा प्रबंधक राहुल, यूनियन बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक नीरज सिंह, बैंक ऑफ इंडिया लहरतारा के शाखा प्रबंधक शादाब आलम और कौशल विकास संगठन दिल्ली के सलाहकार पंकज सहिजवानी ने भी पेंशनरों को बैंकों की ओर से उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी दी। कार्यशाला में वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक राजेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, बैंक प्रतिनिधि, पेंशनर एसोसिएशन के पदाधिकारी और रेल कर्मचारी मौजूद रहे। संचालन कार्यालय अधीक्षक अमन श्रीवास्तव ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिनव कुमार सिंह ने किया।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< जखनियां : कलयुगी मां का कारनामा, सड़क किनारे लावारिस मिली नवजात, रोने की आवाज सुनकर टहलने निकली महिलाओं ने दी सूचना
वाराणसी : राष्ट्रीय शूटिंग प्रतियोगिता के लिए छठी रैंक के साथ क्वालीफाई हुए वाराणसी के अंकुर सिंह, लगातार चौथी बार नेशनल्स में दिखाएंगे हुनर >>