जखनियां : कलयुगी मां का कारनामा, सड़क किनारे लावारिस मिली नवजात, रोने की आवाज सुनकर टहलने निकली महिलाओं ने दी सूचना





जखनियां। भुड़कुड़ा थानाक्षेत्र के चौजा खास गांव के पास सोमवार की सुबह मानवता को झकझोर देने वाला मामला सामने आया। एनएच-124डी पर स्थित टोल प्लाजा से करीब 500 मीटर आगे सड़क किनारे कपड़े में लिपटी एक नवजात बच्ची लावारिस हालत में मिली। बच्ची के रोने की आवाज सुनकर टहलने निकली महिलाओं की नजर उस पर पड़ी तो उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद पुलिस पहुंची। बाद में चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम भी पहुंची और नवजात को अपनी निगरानी में अस्पताल में भर्ती कराया। सोमवार की सुबह कुछ महिलाएं टहलने निकली थीं। इसी दौरान उन्हें सड़क किनारे से बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी। आवाज की दिशा में पहुंचने पर उन्होंने देखा कि कपड़े में लिपटी नवजात बच्ची सड़क किनारे पड़ी रो रही थी। इसके बाद उन्होंने आसपास के लोगों को बुलाने के साथ ही पुलिस को फोन कर जानकारी दी। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। बच्ची को सबसे पहले देखने वालों में सरोज देवी, बिंदु भारती, सुनील कुमार और अच्छेलाल शामिल रहे। सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और नवजात को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। जहां प्राथमिक परीक्षण और उपचार के बाद चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम के सहयोग से जिला अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि बच्ची की हालत ठीक है। इधर सड़क किनारे नवजात बच्ची मिलने की घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। लोग कलयुगी मां को कोस रहे हैं।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< जखनियां : सिखड़ी इंटर कॉलेज में पांच नवंबर को लगेगा वृहद रोजगार मेला, 30 से अधिक कंपनियां करेंगी प्रतिभाग, युवाओं को मिलेगा रोजगार का अवसर
वाराणसी : रेल पेंशनरों को अब घर बैठे मिलेगा जीवन प्रमाण-पत्र, डीएलसी 5.0 को लेकर वाराणसी में कार्यशाला आयोजित, डीआरएम ने किया शुभारंभ >>