सिधौना : रामलीला में मंचन करने गए ‘रावण’ की जेब से गायब हुआ मोबाइल, ‘लंका’ लौटने पर गायब होने का चला पता

सिधौना। क्षेत्र के पोखरीपुर गांव में इन दिनों बाल रामलीला समिति की ओर से 12 दिवसीय रामलीला का मंचन किया जा रहा है। रविवार को सीता हरण लीला का मंचन चल रहा था। इसी दौरान रावण का किरदार निभा रहे आतिश कुमार का मोबाइल फोन गायब हो गया। लीला के दौरान मंच पर सीता का हरण कर लंका लौटे रावण को जब अपनी जेब में मोबाइल नहीं मिला तो उनके होश उड़ गए। इसके बाद रामलीला परिसर में मोबाइल की तलाश शुरू हो गई। आतिश कुमार ने बताया कि एक दिन पहले बारिश के कारण रामलीला का मंचन नहीं हो सका था। इसके चलते रविवार को दो दिनों के प्रसंगों का मंचन किया जा रहा था। समय की कमी के कारण सभी कलाकार जल्दी-जल्दी तैयार होकर अपने संवाद और दृश्य पूरे करने में जुटे थे। इसी आपाधापी में रावण का किरदार निभा रहे आतिश कुमार पंचवटी पहुंचे, जहां साधु का वेश धारण कर उन्हें सीता हरण का दृश्य मंचित करना था। इसी दौरान उनकी जेब से मोबाइल फोन कहीं गिर गया। सीता हरण कर लंका लौटने के बाद जब आतिश कुमार ने अपनी जेब टटोली तो मोबाइल गायब मिला। इसके बाद उन्होंने रामलीला परिसर सहित आसपास के कई स्थानों पर तलाश की। पूरी रामलीला टीम भी मोबाइल खोजने में जुट गई, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। अंततः आतिश कुमार ने खानपुर थाने में मोबाइल गुम होने की सूचना दर्ज कराई। रामलीला के व्यास सुभाष पांडेय ने दर्शकों से अपील किया कि आध्यात्मिक मनोरंजन के लिए मेहनत करने वाले कलाकारों को परेशानी न पहुंचाएं। जिस किसी को भी मोबाइल मिला हो, वह उसे बाल रामलीला समिति तक पहुंचा दे, ताकि कलाकार को उसका फोन वापस मिल सके।

