गाजीपुर : मेडिकल बिल भुगतान में ऑफलाइन विकल्प बहाल करने की मांग, पेंशनरों ने धरना-प्रदर्शन कर सरकार की ऑनलाइन व्यवस्था पर जताई आपत्ति





गाजीपुर। चिकित्सा प्रतिपूर्ति के बिलों का भुगतान ऑनलाइन किए जाने की व्यवस्था के विरोध में सोमवार को सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं पेंशनर एसोसिएशन की जिला शाखा ने धरना-प्रदर्शन किया। प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर पेंशनरों ने जिला मुख्यालय स्थित सरजू पांडेय पार्क में एक दिवसीय धरना दिया। इसके बाद जिलाधिकारी के प्रतिनिधि के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित मांगों का ज्ञापन सौंपा। जिलाध्यक्ष मुक्तेश्वर प्रसाद श्रीवास्तव ने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों और पेंशनरों को पहले चिकित्सा प्रतिपूर्ति के बिल ऑफलाइन जमा करने की सुविधा मिलती थी, लेकिन अब सरकार ने ऑनलाइन बिल जमा करने की व्यवस्था लागू कर दी है। इससे 60, 70, 80 और 90 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्ग पेंशनरों को परेशानी हो रही है। बिना पर्याप्त प्रशिक्षण और तकनीकी जानकारी के उनके लिए ऑनलाइन प्रक्रिया अपनाना कठिन है। उन्होंने मांग की कि ऑनलाइन के साथ ऑफलाइन विकल्प भी बहाल रखा जाए, ताकि किसी पेंशनर का इलाज और चिकित्सा प्रतिपूर्ति प्रभावित न हो। कार्यकारी अध्यक्ष अंबिका दूबे ने कहा कि विधायकों और जनप्रतिनिधियों के लिए पुरानी ऑफलाइन व्यवस्था जारी रहने की बात सामने आ रही है, जबकि सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लिए ऑनलाइन व्यवस्था लागू की गई है। उन्होंने इसे भेदभावपूर्ण बताते हुए दोनों विकल्प उपलब्ध कराने की मांग की। जिला मंत्री जनार्दन सिंह ने पेंशनरों से अपने अधिकारों की लड़ाई के लिए एकजुट रहने की अपील की। वरिष्ठ उपाध्यक्ष आरएस वर्मा ने प्रदेश स्तर पर संगठन की गतिविधियों और आगामी आंदोलन की रूपरेखा की जानकारी दी। वहीं कोषाध्यक्ष अशोक कुमार ने प्रस्तावित अधिवेशन के लिए निर्धारित शुल्क शीघ्र जमा करने का अनुरोध किया। इस मौके पर केपी गुप्ता, जिउत शर्मा, नरेंद्र सिंह, अनूप सिन्हा, उग्रसेन सिंह, जयप्रकाश पांडेय, उमेश श्रीवास्तव, रामशंकर यादव, राजित यादव, डॉ. सुग्रीव सिंह, अक्षयवर राय, सुरेश चंद्र पांडेय, डॉ. नफीस अहमद, डॉ. दिनेश सिंह, मिठाई राम, अनिल कुमार राय, वीरेंद्र सिंह, चंद्रबली राम, मो. अली, बैजनाथ तिवारी, प्रकाश चंद्र श्रीवास्तव, सुखाराम कुशवाहा, सुभाष सिंह, गोपाल तिवारी, दिवाकर कुशवाहा, बृजेश यादव, सूर्यकांत कुमार, चंद्रिका यादव, अरुण सिंह, गुलाब शर्मा, जयप्रकाश वर्मा आदि रहे।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< सिधौना : बाधा दौड़ में अतुल यादव ने रजत पदक जीत स्कूली नेशनल गेम्स के लिए किया क्वालीफाई, भोपाल में दिखाएंगे दमखम
सिधौना : रामलीला में मंचन करने गए ‘रावण’ की जेब से गायब हुआ मोबाइल, ‘लंका’ लौटने पर गायब होने का चला पता >>