सिधौना : बाधा दौड़ में अतुल यादव ने रजत पदक जीत स्कूली नेशनल गेम्स के लिए किया क्वालीफाई, भोपाल में दिखाएंगे दमखम

सिधौना। प्रयागराज में आयोजित 70वीं प्रदेशीय माध्यमिक विद्यालयीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में अतुल यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया। अंडर-17 बालक वर्ग की 110 मीटर बाधा दौड़ में दूसरा स्थान प्राप्त कर उन्होंने मध्य प्रदेश के भोपाल में आयोजित होने वाले स्कूली नेशनल एथलेटिक्स गेम्स के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है। प्रतियोगिता का आयोजन प्रयागराज स्थित पंडित मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में किया जा रहा है। अतुल यादव वर्तमान में गुरु गोविंद सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज, लखनऊ में हाईस्कूल के छात्र हैं। वह जौनपुर जिले के धर्मापुर के निवासी हैं और लंबे समय से बुढ़ीपुर में रहकर एथलेटिक्स कोच काशीनाथ यादव की देखरेख में प्रशिक्षण हासिल कर रहे हैं। कोच काशीनाथ यादव ने बताया कि अतुल लगातार मेहनत और अनुशासन के साथ अभ्यास कर रहे हैं। प्रदेशीय प्रतियोगिता में रजत पदक जीतना उनकी मेहनत का परिणाम है। अब उनका अगला लक्ष्य भोपाल में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करना है। अतुल की इस उपलब्धि से क्षेत्र के खेल प्रेमियों में खुशी है।

