नई दिल्ली : डीपीडीपी एक्ट में पत्रकारिता को स्पष्ट छूट देना जरूरी, सुप्रीम कोर्ट में दायर याचिका का जर्नलिस्ट काउंसिल ने किया समर्थन

नई दिल्ली। डिजिटल व्यक्तिगत डेटा संरक्षण अधिनियम (डीपीडीपी एक्ट), 2023 में पत्रकारिता के लिए स्पष्ट छूट का प्रावधान होना जरूरी है। ऐसा नहीं होने पर खोजी पत्रकारिता, समाचार स्रोतों की गोपनीयता और जनहित से जुड़े मुद्दों की स्वतंत्र रिपोर्टिंग प्रभावित हो सकती है। जर्नलिस्ट काउंसिल ऑफ इंडिया (जेसीआई) ने डिजिटल न्यूज पब्लिशर्स एसोसिएशन (डीएनपीए) की ओर से इस कानून को लेकर सर्वाेच्च न्यायालय में दायर याचिका का समर्थन करते हुए पत्रकारिता के हितों की सुरक्षा की मांग की है। जेसीआई के राष्ट्रीय सलाहकार डॉ. एके राय ने राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनुराग सक्सेना के हवाले से बताया कि पत्रकारिता के लिए स्पष्ट कानूनी छूट का अभाव लोकतंत्र और प्रेस की स्वतंत्रता के लिए चिंता का विषय है। पत्रकारों को समाचार स्रोतों की गोपनीयता बनाए रखने और जनहित से जुड़ी खबरों के प्रकाशन में स्वतंत्र रूप से काम करने का अधिकार मिलना चाहिए। यदि प्रत्येक व्यक्तिगत जानकारी के इस्तेमाल या प्रकाशन से पहले संबंधित व्यक्ति की सहमति लेना अनिवार्य हो जाए तो खोजी पत्रकारिता के सामने व्यावहारिक मुश्किलें खड़ी हो सकती हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि भ्रष्टाचार, प्रशासनिक अनियमितताओं और सार्वजनिक हित से जुड़े मामलों की पड़ताल के दौरान पत्रकारों को कई बार व्यक्तिगत और संवेदनशील जानकारियों का इस्तेमाल करना पड़ता है। ऐसे में पत्रकारिता के लिए स्पष्ट और व्यापक छूट जरूरी है। जेसीआई ने विशेष रूप से अधिनियम की धारा 17 में पत्रकारिता संबंधी छूट को शामिल करने की मांग की है। संगठन का कहना है कि पूर्व के मसौदे में इस तरह की छूट का प्रावधान प्रस्तावित था। जेसीआई ने अधिनियम की धारा 36 के तहत सरकार को प्राप्त जानकारी मांगने की शक्तियों को लेकर भी चिंता जताई है। संगठन के अनुसार खोजी पत्रकारिता में कई महत्वपूर्ण जानकारियां ऐसे स्रोतों से मिलती हैं, जिनकी पहचान उजागर होने पर उन्हें परेशानी या जोखिम का सामना करना पड़ सकता है। इसलिए पत्रकारों के साथ उनके सूचना स्रोतों की गोपनीयता को भी पर्याप्त कानूनी संरक्षण मिलना चाहिए। संगठन ने सूचना का अधिकार अधिनियम की धारा 8(1)(जे) की पूर्ववर्ती व्यवस्था बहाल करने और डीपीडीपी एक्ट की धारा 44(3) के प्रभावों की समीक्षा करने की मांग भी उठाई है। जेसीआई का कहना है कि व्यक्तिगत निजता की सुरक्षा और जनहित में आवश्यक सूचनाओं तक नागरिकों की पहुंच के बीच संतुलन बनाए रखना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए जरूरी है। जेसीआई ने सर्वाेच्च न्यायालय से आगामी 17 नवंबर को होने वाली सुनवाई के दौरान प्रेस की स्वतंत्रता, खोजी पत्रकारिता, समाचार स्रोतों की गोपनीयता और जनहित में सूचना तक पहुंच जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर विचार करने का आग्रह किया है। डॉ. अनुराग ने बताया कि संगठन पत्रकारों और पत्रकारिता से जुड़े हितों को न्यायालय के समक्ष रखने के लिए हस्तक्षेप याचिका दाखिल करने पर भी विचार कर रहा है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता का दायित्व केवल समाचार प्रकाशित करना नहीं, बल्कि जनहित के मुद्दों को सामने लाना और सार्वजनिक संस्थाओं की जवाबदेही सुनिश्चित करना भी है। डेटा संरक्षण कानून के उद्देश्यों के साथ प्रेस की स्वतंत्रता और निजता के अधिकार के बीच संतुलन बनाए रखना आवश्यक है। जेसीआई ने देशभर के पत्रकारों से भी पत्रकारिता के संवैधानिक अधिकारों के संरक्षण के लिए लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाने की अपील की है।

