जंगीपुर : अनियंत्रित ट्रक ने बोलेरो को मारी टक्कर, 50 मीटर तक घसीटते हुए खाई में पलटी गाड़ी, 4 सवारों की हालत गंभीर

जंगीपुर। थानाक्षेत्र के भोवापुर-फिरोजपुर स्थित बेसो नदी पुल पर रविवार को तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने सामने से आ रही बोलेरो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बोलेरो करीब 50 मीटर तक घिसटती चली गई और सड़क किनारे खाई में जा गिरी। हादसे में बोलेरो सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में बोलेरो चालक शिवशंकर यादव उर्फ गुड्डू (50) निवासी मलहपुरा, धरम्मरपुर कटरिया, अजीत कुमार व उसकी पत्नी प्रतिका निवासी बिशुनपुरा, करंडा व अंकित कुमार (32) शामिल हैं। बताया गया कि सभी लोग हंसराजपुर बाजार में आयोजित छेका कार्यक्रम में शामिल होकर बोलेरो से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान गाजीपुर की ओर से हंसराजपुर की तरफ जा रहे ट्रक ने भोवापुर-फिरोजपुर स्थित बेसों नदी पुल पर सामने से आ रही बोलेरो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी और उसमें सवार लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को बाहर निकाला और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मनिहारी पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है। उधर, घटना के बाद ग्रामीणों ने ट्रक चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

