दुल्लहपुर : बाजार से सामान लेने निकला नौ वर्षीय बालक लापता, ट्रेन में देखे जाने की चर्चा, नहीं मिली जानकारी





दुल्लहपुर। क्षेत्र के अमारी गेट से नौ वर्षीय बालक के लापता होने का मामला सामने आया है। शनिवार दोपहर बाजार से सामान लेने निकला राज वर्मा देर शाम तक घर नहीं लौटा। परिजनों ने आसपास के इलाकों और संभावित स्थानों पर काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। रविवार सुबह पिता दीपक वर्मा ने थाने पहुंचकर पुलिस को लिखित सूचना दी। इसके बाद पुलिस बालक की तलाश में जुट गई है। गीता वर्मा पिछले करीब 20 वर्षों से अपने दोनों बेटों दीपक वर्मा और दिलीप वर्मा के साथ अमारी गेट पर किराये के मकान में रहती हैं। परिवार ठेले पर अंडे की दुकान चलाकर जीविकोपार्जन करता है। गीता वर्मा का मायका जलालाबाद में है। दीपक वर्मा का नौ वर्षीय बेटा राज अपनी दादी के साथ रहता था। दादी गीता वर्मा के मुताबिक, शनिवार दोपहर राज घर से बाजार में सामान लेने के लिए निकला था। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की। देर रात तक इंतजार और खोजबीन के बावजूद उसका पता नहीं चल सका। गीता वर्मा ने बताया कि अमारी गेट के कुछ लोगों ने राज को ट्रेन में देखे जाने की बात कही है, लेकिन वह किस दिशा में और कहां गया, इसकी जानकारी नहीं मिल सकी है। थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि बालक के लापता होने की लिखित सूचना मिली है। उसकी तलाश के लिए थाने से अलग टीम लगाई गई है। आसपास के विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। उधर, बालक के लापता होने से परिजन परेशान हैं और उसके सकुशल घर लौटने की उम्मीद लगाए हुए हैं।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< भीमापार : बाजार में पटरी पर कब्जे से सिकुड़ी सड़क, रोजाना लग रहा जाम, ठेले और दुकानों के बाहर तक फैला सामान बना परेशानी का कारण
जंगीपुर : अनियंत्रित ट्रक ने बोलेरो को मारी टक्कर, 50 मीटर तक घसीटते हुए खाई में पलटी गाड़ी, 4 सवारों की हालत गंभीर >>