भीमापार : बाजार में पटरी पर कब्जे से सिकुड़ी सड़क, रोजाना लग रहा जाम, ठेले और दुकानों के बाहर तक फैला सामान बना परेशानी का कारण





भीमापार। सैदपुर-बहरियाबाद मार्ग पर स्थित भीमापार बाजार में सड़क की पटरियों पर बढ़ते अतिक्रमण ने यातायात व्यवस्था को प्रभावित कर दिया है। ठेले और दुकानदारों की ओर से सड़क किनारे तक सामान फैलाकर कारोबार किए जाने से मार्ग संकरा हो गया है। इसके चलते आए दिन जाम की स्थिति बन रही है और राहगीरों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। भीमापार बाजार आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों के लिए खरीदारी और रोजमर्रा की जरूरतों का प्रमुख केंद्र है। सुबह से शाम तक यहां ग्राहकों और वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। बाजार में दोपहिया और चारपहिया वाहनों के साथ पैदल चलने वालों की भी अच्छी-खासी भीड़ रहती है। ऐसे में सड़क की पटरियों पर ठेले खड़े होने और दुकानों का सामान बाहर तक फैले रहने से आवागमन के लिए पर्याप्त जगह नहीं बचती। आमने-सामने से वाहनों के पहुंचने पर जाम लग जाता है और लोगों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ता है। इस अव्यवस्था का खामियाजा स्कूली बच्चों, मरीजों, नौकरीपेशा लोगों और बाजार आने वाले ग्राहकों को भुगतना पड़ रहा है। कई बार पैदल राहगीरों को भी सड़क के बीच से गुजरना पड़ता है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजार में यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए सड़क की पटरियों को अतिक्रमण से मुक्त कराना जरूरी है। जिपं सदस्य अजय कुमार, राजू कुशवाहा, संजय यादव, राजेश यादव, प्रधान प्रतिनिधि संतोष यादव, राजकुमार सोनकर, राजू सोनकर आदि ने जिला प्रशासन से बाजार में अभियान चलाकर अतिक्रमण हटवाने की मांग की है। उनका कहना है कि ठेले और दुकानदारों को निर्धारित स्थान पर व्यवस्थित किया जाए, ताकि सड़क पर आवागमन बाधित न हो और लोगों को रोजाना लगने वाले जाम से राहत मिल सके।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< गाजीपुर : आगरा में रेलवे के एओएम अभिषेक कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, डीआरएम ऑफिस में सोफे पर मृत मिले, चार माह पहले ही हुआ था प्रमोशन
दुल्लहपुर : बाजार से सामान लेने निकला नौ वर्षीय बालक लापता, ट्रेन में देखे जाने की चर्चा, नहीं मिली जानकारी >>