गाजीपुर : आगरा में रेलवे के एओएम अभिषेक कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, डीआरएम ऑफिस में सोफे पर मृत मिले, चार माह पहले ही हुआ था प्रमोशन





गाजीपुर। आगरा में रेलवे के असिस्टेंट ऑपरेटिंग मैनेजर (एओएम) अभिषेक कुमार की रविवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह डीआरएम कार्यालय स्थित अपने चैंबर में सोफे पर अचेत अवस्था में मिले। रेलवे अधिकारी उन्हें तत्काल अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। अभिषेक कुमार मूल रूप से खजुरा गांव के निवासी थे। उनकी मौत की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। मिली जानकारी के अनुसार, अभिषेक कुमार का करीब चार माह पहले ही असिस्टेंट ऑपरेटिंग मैनेजर के पद पर प्रमोशन हुआ था। इससे पहले वह उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज के सतर्कता विभाग में इंस्पेक्टर के पद पर तैनात थे। रविवार को प्रारंभिक पात्रता परीक्षा (पीटी) के चलते उनकी ड्यूटी आगरा स्थित डीआरएम कार्यालय के कंट्रोल रूम में लगाई गई थी। रात करीब 10 बजे ड्यूटी समाप्त करने के बाद वह अपने चैंबर में चले गए थे। बताया जा रहा है कि चैंबर में जाने से पहले उन्होंने कुछ कर्मचारियों से तबीयत ठीक नहीं होने की बात कही थी। इसके बाद वह बाहर नहीं निकले। रेलवे क्वार्टर में रह रही उनकी पत्नी ने मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन फोन बंद मिला। काफी देर तक बात नहीं होने पर उन्होंने रेलवे कंट्रोल रूम में संपर्क कर जानकारी ली। इसके बाद रात करीब 10ः30 बजे रेलवे अधिकारी उनके चैंबर पहुंचे तो वह सोफे पर अचेत अवस्था में पड़े मिले। अधिकारियों ने उन्हें तत्काल रेलवे अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि चैंबर के बगल वाले कमरे में उल्टी भी पड़ी मिली थी। उनके नाखूनों का रंग नीला पड़ने की बात भी सामने आई है। हालांकि, इन परिस्थितियों के आधार पर मौत की वजह को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना की जानकारी स्वजन को दे दी गई है। सूचना मिलने पर डीआरएम गगन गोयल समेत रेलवे के अन्य अधिकारी भी कार्यालय पहुंचे। रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस को भी घटना की सूचना दे दी गई है।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< गहमर : नीलगाय से टकराई बाइक, हवन यज्ञ में शामिल होने जा रहे पति की आंखों के सामने पत्नी की मौत, पति रेफर
भीमापार : बाजार में पटरी पर कब्जे से सिकुड़ी सड़क, रोजाना लग रहा जाम, ठेले और दुकानों के बाहर तक फैला सामान बना परेशानी का कारण >>