गहमर : नीलगाय से टकराई बाइक, हवन यज्ञ में शामिल होने जा रहे पति की आंखों के सामने पत्नी की मौत, पति रेफर

गहमर। क्षेत्र के भदौरा स्थित एनएच-124सी पर सोमवार को नीलगाय की टकराकर बाइक सवार दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में पत्नी की मौत हो गई, जबकि पति की हालत नाजुक बनी हुई है। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सतरामगंज बाजार निवासी 55 वर्षीय संजय सिंह उर्फ कलेक्टर पुत्र स्व. लालजी सिंह अपनी पत्नी रंजना देवी के साथ बाइक से रेवतीपुर के नौली गांव में आयोजित यज्ञ में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान हाईवे पर महावीर मंदिर से करीब 200 मीटर आगे बंद पड़े ढाबे के पास अचानक एक नीलगाय सड़क पर आ गई। जिससे बाइक की नीलगाय से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर लगते ही दंपति सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को भदौरा सीएची पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद रंजना देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, संजय की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है।

