नोनहरा : पुलिस व एएनटीएफ ने 90 लाख की 459 ग्राम अवैध हेरोइन के साथ पकड़ा अंतर्राज्यीय तस्कर, तस्करी नेटवर्क की जांच शुरू

नोनहरा। नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नोनहरा पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने एक युवक को 459 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 90 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त एक मारुति सुजुकी ऑल्टो कार, आईफोन, पर्स, तीन बैंक कार्ड और 350 रुपये नकद भी बरामद किए हैं। संयुक्त टीम ने नोनहरा के एकड़गवां-सुसुंडी स्थित ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे अंडरपास के पास घेराबंदी की। इस दौरान कार सवार तस्कर को धर दबोचा और तलाशी ली तो उसके पास से 459 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई। जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर थाने लाया गया। उसने अपना नाम कृष्णा दूबे पुत्र विपिन दूबे निवासी अपकारी गली, वार्ड 33, कस्बा व थाना डुमरांव, जिला बक्सर (बिहार) बताया। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसे यह हेरोइन बलिया जिले के नरहीं थाना क्षेत्र के कथरिया निवासी यशवंत ने उपलब्ध कराई थी। उसे नोनहरा क्षेत्र में ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे के पास एक व्यक्ति को हेरोइन पहुंचानी थी। इसके लिए उसे व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से सूचना मिलने का इंतजार था। डिलीवरी के बदले मिलने वाली रकम को आपस में बांटने की योजना थी। गिरफ्तारी के बाद उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में तस्करी से जुड़े अहम सुराग मिले हैं। गिरोह के अन्य सदस्यों और मादक पदार्थ की आपूर्ति के स्रोत का पता लगाने के लिए बारीकी से छानबीन की जा रही है।

