जखनियां : 19 दिनों पूर्व पत्नी संग सो रहे युवक को कुल्हाड़ी से लहूलुहान करने वाला बदमाश गिरफ्तार, कुल्हाड़ी भी बरामद

जखनियां। भुड़कुड़ा थानाक्षेत्र के मुड़ियारी में बीते 23 जून की रात घर में पत्नी संग सोए युवक पर धारदार हमला कर जान से मारने का प्रयास करने वाले बदमाश की पहचान कर पुलिस ने उसे गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। साथ ही घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है। गांव निवासी विनय यादव 23 जून की रात अपनी पत्नी के साथ चारपाई पर सोए थे। इस दौरान पहले से ही घात लगाकर बैठे बदमाश ने धारदार हथियार से मारकर लहूलूहान कर दिया था। जिसके बाद थाने में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था। इस बीच पुलिस ने तफ्तीश शुरू की तो संगम राजभर पुत्र गुलाब राजभर निवासी कोटियां, दुल्लहपुर का नाम प्रकाश में आया। जिसके बाद पुलिस ने सुरागकशी करते हुए सूचना के आधार पर उसे उत्तरी केबिन स्थित ब्रह्म बाबा स्थान से धर दबोचा और थाने लाकर सख्ती से पूछताछ की। जिसके बाद उसने कुबूल कर लिया कि उसने ही कुल्हाड़ी से सो रहे विनय को जान से मारने के लिए हमला किया था। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त की गई कुल्हाड़ी को मुड़ियारी स्थित एक बांस के जंगल से बरामद किया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

