सैदपुर : मांगों को लेकर 15 जुलाई को जिला पूर्ति कार्यालय पर प्रदर्शन कर पत्रक देंगे कोटेदार, मांग पूरी न होने पर करेंगे अनिश्चितकालीन हड़ताल

सैदपुर। उत्तर प्रदेश में कोटेदारों ने बकाया भुगतान को लेकर आंदोलन का ऐलान किया है। उक्त आंदोलन ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर एसोसिएशन के बैनर तले दो चरणों में होगा। जिसके पहले चरण में 15 जुलाई की सुबह 10 बजे जिला पूर्ति अधिकारी कार्यालय पर प्रर्दशन होगा। वहीं दूसरे चरण में 18 जुलाई को लखनऊ स्थित खाद्य आयुक्त कार्यालय पर प्रदर्शन किया जाएगा। इसी क्रम में एसोसिएशन के ब्लॉक इकाई के कोटेदारों की बैठक औड़िहार स्थित बराह रूप मंदिर पर की गई। बतौर मुख्य अतिथि प्रदेश सचिव व सैदपुर तहसील अध्यक्ष कमलेश पाण्डेय ने कहा कि जून 2021 से कोटेदारों का लाभांश भुगतान लंबित है। विभाग की लापरवाही के कारण यह राशि अब तक कोटेदारों के खातों में नहीं भेजी गई है। पिछले 5 माह से मासिक वितरण लाभांश नहीं मिलने से कोटेदारों के सामने जीविका का संकट है। जिलाध्यक्ष नरेंद्र पाल सिंह ने चेतावनी देते हुए कहा कि 15 जुलाई को जनपद के सभी कोटेदार सरजू पाण्डेय पार्क में एकत्रित होंगे। जिसके पश्चात सुबह 10 बजे जिला पूर्ति अधिकारी कार्यालय पर धरना प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री के नाम संबोधित पत्रक जिलाधिकारी को सौंपा जाएगा। कहा कि अगर मांगें नहीं मानी गईं तो उसी दिन से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी जाएगी। इसके बाद सभी कोटेदारों द्वारा 18 जुलाई को लखनऊ स्थित खाद्य आयुक्त कार्यालय पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा। उक्त प्रदर्शन में शामिल होने के लिए संगठन ने सभी पदाधिकारियों और कोटेदारों से अपील की है। संचालन आशुतोष सिंह ने किया।

