सैदपुर : बच्चों व अभिभावकों के हित में स्कूल मर्जर का विरोध कर समाजसेवी ने सैदपुर में सीएम योगी के नाम खून से लिखी पाती, अभिभावक व शिक्षक खुश

सैदपुर। बीते काफी दिनों से पूरे देश में चर्चाओं का विषय व उत्तर प्रदेश में बड़े वर्ग के विरोध का पर्याय बन चुके स्कूल मर्जर को लेकर समाजसेवी ने मुख्यमंत्री को अपने खून से पाती लिखकर भेजी है। क्षेत्र के परसनी निवासी युवा समाजसेवी मनोज सिंह ने शुक्रवार की दोपहर 2 बजे अपने खून से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित पाती लिखकर परिषदीय विद्यालयों का समायोजन करने के अपने निर्णय पर विचार करते हुए समायोजन न करने की अपील की है। समाजसेवी द्वारा खून से मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर भेजने के बाद उन्हें शिक्षकों व अभिभावकों का भी समर्थन मिल रहा है और समाजसेवी द्वारा उठाई गई आवाज से वो खुश भी हैं। बता दें कि यूपी सरकार ने उन परिषदीय स्कूलों को अन्य स्कूलों में मर्ज करने का निर्णय लिया है, जहां 50 से कम बच्चों का नामांकन हो। इस निर्णय का खासा विरोध हो रहा है, यहां तक कि मामला कोर्ट में भी गया लेकिन कोर्ट ने सरकार के निर्णय को सही माना। समाजसेवी ने मुख्यमंत्री को लिखी पाती में कहा कि आमतौर पर सरकारी परिषदीय विद्यालयों में सिर्फ वही बच्चे पढ़ते हैं, जो आर्थिक गरीब, कमजोर आदि होते हैं। अधिकांश के माता-पिता मजदूर, छोटे किसान आदि ही होते हैं। जिसके चलते वो बच्चों को बड़े व महंगे स्कूलों में पढ़ाने में असमर्थ होते हैं। इसलिए वो परिषदीय स्कूलों में प्रवेश कराते हैं। लेकिन अब सरकार द्वारा निर्णय लिया गया है कि 50 से कम नामांकन वाले स्कूलों को नजदीकी स्कूल में मर्ज किया जाएगा। इस निर्णय का विरोध करते हुए कहा कि आमतौर पर मर्ज होने वाला स्कूल 1 से डेढ़ किमी दूर ही होगा। ऐसे में अभिभावक अपने बच्चों को नए स्कूल में नहीं डालेंगे। जिससे या तो बच्चों के शिक्षा से वंचित रह जाने के चलते अशिक्षा बढ़ेगी या महंगे स्कूल में भेजने पर उन गरीब अभिभावकों की जेब पर बेहद अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। कहा कि आज भी प्रदेश का बहुत बड़ा वर्ग ऐसा है जो 5 किलो राशन पर जीवन यापन कर रहा है। ऐसे में वो अपने बच्चों को स्कूल कैसे भेजेंगे। कहा कि मुख्यमंत्री एक सन्यासी हैं, ऐसे में उन्हें बच्चों व अभिभावकों की इस पीड़ा को समझना चाहिए। मुख्यमंत्री से कहा कि उनका ही सिस्टम उनसे छल कर रहा है। क्योंकि धरातल की सच्चाई से मुख्यमंत्री या तो अवगत नहीं हैं या होना नहीं चाहते। कहा कि उनके मर्जर के इस कदम से 5 हजार स्कूल बंद हो जाएंगे। ऐसे में वो बच्चे कहां जाएंगे। कहा कि मुख्यमंत्री जो भी निर्णय लें धरातल पर खुद उतरकर व परखकर लें। दूसरे के सर्वे रिपोर्ट की बजाय खुद सर्वे कराएं। समाजसेवी मनोज सिंह ने कहा कि अगर मर्जर का ये नियम वापस नहीं लिया गया तो वो आमजन के साथ प्रदर्शन करेंगे और तब सरकार को बैकफुट पर आना ही होगा।


