सैदपुर : राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस व अपने 77वें स्थापना दिवस पर एबीवीपी ने किया कार्यक्रम, समाजसेवी मनोज सिंह ने बच्चों को किया प्रेरित

सैदपुर। भितरी के सियावां स्थित आदर्श इंटर कॉलेज में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद काशी प्रान्त के सैदपुर इकाई द्वारा राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस व परिषद का 77वां स्थापना दिवस मनाया गया। इस दौरान पखवाड़े के तहत गोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसमें बतौर मुख्य अतिथि समाजिक कार्यकर्ता मनोज सिंह व एबीवीपी के विभाग संगठन मंत्री विपुल कुमार ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का शुभारम्भ मां सरस्वती व स्वामी विवेकानंद के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात मुख्य अतिथि मनोज सिंह ने वहां उपस्थित सभी विद्यार्थियों को लक्ष्य प्राप्ति तक निरंतर प्रयास करने का मंत्र देते हुए स्वामी विवेकानंद के जीवन का उदाहरण देकर समझाया। इसके पश्चात उन्होंने एबीवीपी की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और राष्ट्र निर्माण में उसकी भूमिका के बारे में बताते हुए कहा, विद्यार्थी परिषद केवल एक छात्र संगठन नहीं है, बल्कि ये राष्ट्र निर्माण की एक प्रयोगशाला है। कहा कि एबीवीपी न केवल भारत, बल्कि विश्व का सबसे बड़ा छात्र संगठन है। इसकी स्थापना 9 जुलाई 1949 को बलराज मधोक के नेतृत्व में हुई थी। उन्होंने युवाओं को राष्ट्रीय मूल्यों से जुड़ने और शिक्षा के साथ ही शील एवं एकता की भावना से प्रेरित होने का संदेश दिया। मनोज सिंह ने अनेक स्वतंत्रता सेनानियों के उदाहरण देकर छात्रों में राष्ट्रभक्ति की भावना जगाते हुए अपने देश के लिए कुछ करने का संदेश दिया। उन्होंने वीर सैनिकों के शौर्य की याद दिलाते हुए ऑपरेशन सिंदूर के बारे में बताया। संचालन प्रभात कुमार ने किया।

