जखनियां : एक गुरू दक्षिणा ऐसी भी, अपने गुरू के सामाजिक कार्यों को देख दुबई में बैठे शिष्य ने गुरू पूर्णिमा पर भेज दी 51 हजार की सहयोग राशि

जखनियां। क्षेत्र के भुड़कुड़ा स्थित श्री महंत रामाश्रय दास पीजी कॉलेज के पूर्व छात्र ने अपने गुरू के सामाजिक सरोकारों से प्रभावित होकर गुरू पूर्णिमा के मौके पर बड़ी गुरू दक्षिणा दी है। उन्होंने महाविद्यालय के जीर्णोद्धार के लिए 51 हजार रूपए की सहयोग राशि दी है। बता दें कि कॉलेज संस्थापक ब्रह्मलीन श्री महंथ रामाश्रय दास महाराज की प्रतिमा स्थापना व महाविद्यालय के जीर्णोद्धार के लिए प्राचार्य बृजेश जायसवाल द्वारा अभियान चलाया जा रहा है। इस बात की जानकारी उनके वाराणसी के पूर्व छात्र ज्ञानप्रकाश सिंह को हुई। ज्ञानप्रकाश वर्तमान में दुबई की एक बड़ी कंपनी में वित्त सलाहकार पद पर कार्यरत हैं। जिसके बाद उन्होंने गुरु पूर्णिमा के मौके पर अपने गुरू व प्राचार्य से फोन पर बात की और महाविद्यालय के जीर्णोद्धार के लिए 51 हजार रूपए के सहयोग राशि को भेजा। प्राचार्य ने बताया कि इन रूपयों का उपयोग करीब 8 हजार स्क्वायर फीट क्षेत्र को हरित रूप में विकसित करने में किया जाएगा। वहीं प्राचार्य सहित महाविद्यालय परिवार के सदस्यों ने इस सहयोग के लिए ज्ञान प्रकाश सिंह का आभार जताया।

