भीमापार : बिना मान्यता के निजी विद्यालय चला रहे संचालकों पर लगेगा 1 लाख व प्रतिदिन का 10 हजार का जुर्माना, बीईओ ने नोटिस में दी अंतिम चेतावनी

भीमापार। सादात ब्लॉक क्षेत्र में बिना मान्यता के चल रहे निजी विद्यालयों पर अब शिक्षा विभाग सख्त रूख अपनाने की तैयारी में है। गुरूवार को बीईओ कार्यालय ने ब्लॉक के करीब आधा दर्जन गैर मान्यता प्राप्त विद्यालयों को नोटिस भेजा है। ब्लॉक में बिना मान्यता प्राप्त चल रहे विद्यालयों को सादात के खंड शिक्षाधिकारी सीताराम यादव ने नोटिस जारी कर तत्काल प्रभाव से बंद करने का निर्देश जारी किया है। बीईओ द्वारा जारी नोटिस में कहा गया कि कोई व्यक्ति जो मान्यता प्रमाण पत्र प्राप्त किए बिना विद्यालय चलाता है या किसी वजह से उससे मान्यता वापस लेने के बाद भी विद्यालय चलाना जारी रखता है तो उस पर एक लाख रुपये तक का जुर्माने का प्रावधान है। साथ ही 10 हजार रुपये प्रतिदिन के हिसाब से जुर्माना देय होगा। उन्होंने निर्देशित किया कि तत्काल प्रभाव से ऐसे विद्यालयों को बंद करते हुए नामांकित छात्रों का प्रवेश निकटतम परिषदीय विद्यालय में कराया जाए। निर्देश का पालन न करने पर दंड व जुर्माना लगने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी जाएगी। बीईओ ने बताया कि इस कार्य के लिए ब्लॉक में 13 नोडल संकुल और 52 संकुल शिक्षकों को निर्देशित किया गया है कि क्षेत्र में संचालित अवैध विद्यालयों की पहचान कर सूचित करें। कई ऐसे विद्यालय सामने आये हैं जो केवल प्राथमिक स्तर (कक्षा एक से पांच) तक की मान्यता लेकर जूनियर स्तर (कक्षा 6 से 8) तक की कक्षाएं संचालित कर रहे हैं। ऐसे विद्यालयों को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है। साथ ही जो लोग बिना मान्यता के विद्यालय चला रहे हैं, उनको नोटिस देने के बाद विद्यालय बंद नहीं करते हैं तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जायेगी।

