करंडा : जल निगम की गंभीर लापरवाही के चलते लखनचंदपुर में पानी टंकी में हुआ लीकेज, हर रोज बर्बाद हो रहा सैकड़ों लीटर बेशकीमती पानी

करंडा। क्षेत्र के लखनचंदपुर ग्रामसभा में जल निगम की पानी की टंकी से प्रतिदिन सैकड़ों लीटर पानी व्यर्थ बह रहा है। टंकी में लीकेज होने के चलते महीनों से ये समस्या बनी हुई है। बहता पानी सीधे नालियों में और सड़कों पर बह रहा है। एक तरफ जहां लोग पानी के लिए परेशान हैं, वहीं विभाग की लापरवाही से बेशकीमती जल बर्बाद हो रहा है। कुछ वर्ष पूर्व निर्मित टंकी में रिसाव जारी है। इसकी मरम्मत भी नहीं हो रही है। कई लोगों के घरों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है। जिससे पानी की गंभीर किल्लत पैदा हो गई है। आधे से ज्यादा पानी टंकी से लीक होकर जमीन में चला जाता है। स्थानीय क्षेत्रवासी सुबह से शाम तक पानी का इंतजार करते हैं। जल निगम के अवर अभियंता के अनुसार टंकी के लीकेज की जानकारी विभाग को दी गई है। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारियों को पत्र भेजा गया है और जल्द ही मरम्मत करवाई जाएगी। क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि पानी की बर्बादी को तुरंत रोककर टंकी की मरम्मत शीघ्र की जाए, जिससे जल संकट दूर हो सके।

