सैदपुर : गुरू पूर्णिमा पर हुआ आयोजन, हिंदुओं को आए दिन लक्ष्य बनाने पर चिंता व्यक्त करते हुए की भ्रम से निकलने की अपील





सैदपुर। आज का माहौल देखकर संपूर्ण विश्व पर तृतीय विश्वयुद्ध की तलवार लटक रही है। देश के भीतर भी पहलगाम जैसे हालात, दंगे, फेक नैरेटिव्स, लव जिहाद, लैंड जिहाद आदि के जरिए हिन्दुओं को लक्ष्य बनाया जा रहा है। उक्त बातें गुरू पूर्णिमा के मौके पर नगर के मैरिज हाल में आयोजित महोत्सव में हिन्दू जन जागृति समिति के मार्गदर्शक संत राजन केसरी ने कहीं। कहा कि ऐसी परिस्थिति में भी हिन्दू समाज में भ्रम की स्थिति है। महाभारत के समय अर्जुन भी इसी भ्रम में था, तब श्रीकृष्ण ने कहा था कि अधर्म के विरुद्ध संघर्ष करना ही धर्म है। आज भी गुरु तत्त्व की यही अपेक्षा है कि हिन्दू साधना करके आत्मिक बल बढ़ाए और अधर्म के विरुद्ध सक्रिय हों। यही हमारी गुरु-शिष्य परंपरा का आदर्श है और उसी मार्ग पर चलना ही सच्ची गुरुदक्षिणा है। कहा कि गुरुपूर्णिमा का अर्थ है, गुरु के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने और गुरु सेवा का संकल्प लेने का दिन। कहा कि गुरु-शिष्य परम्परा भारत की महत्वपूर्ण विशेषता है। यह परम्परा विश्व कल्याण के लिए कार्य करती है। उदाहरण के लिए जब हिन्दू समाज निस्तेज हो गया था, तब हिन्दूओं की शक्ति को जागृत करने का कार्य समर्थ रामदास स्वामी और उनके शिष्य छत्रपति शिवाजी महाराज ने किया। उन्होंने हिन्दवी साम्राज्य की स्थापना के लिए अनेक युद्ध लड़े व हिन्दवी सेना तैयार कर धर्म की रक्षा की। इसके पूर्व महर्षि व्यास और गुरु प्रतिमा का पूजन किया गया। इसके बाद राष्ट्र और धर्म के लिए कार्य करने वाले लोगों क़ो सम्मानित किया गया। वही संतों के संदेश और कार्यकर्ताओं के अनुभवों को साझा किया गया। कार्यक्रम में लघु फिल्म दिखाते हुए सुरक्षा का प्रदर्शन किया गया। इसके बाद सभी ने राम राज्य की स्थापना के लिए सामूहिक जप किया। इस मौके पर ज्ञानवापी केस के अधिवक्ता सुभाष नंदन चतुर्वेदी, मोहित मिश्रा, श्रीकांत जायसवाल, गोपाल पाण्डेय, राज नारायण मिश्रा, संतोष मौर्य, निर्मला विश्वकर्मा, रेखा विश्वकर्मा, सुनीता विश्वकर्मा, प्रतिभा पांडे, रेखा चौरसिया, मनोरमा जायसवाल, किरण विश्वकर्मा आदि रहे। सुरक्षा के लिए चौकी इंचार्ज मनोज पाण्डेय, भी मौजूद रहे।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< गाजीपुर : गुरू पूर्णिमा पर वृद्धाश्रम में जाकर छात्रनेता ने वितरित किया भोजन, फल व मिठाईयां बांट अपना जन्मदिन भी मनाया
गाजीपुर : बीएसएनएल अधिकारियों के राष्ट्रीय संघ के आम सभा की बैठक, नई कार्यकारिणी में आतिश जिलाध्यक्ष व पंकज बने सचिव >>