देवकली : चकेरी धाम पर धूमधाम से बनी गुरू पूर्णिमा, संत त्रिवेणीदास ने बताया गुरू का स्थान ईश्वर से भी ऊंचा

देवकली। गंगा के तटवर्ती क्षेत्र चकेरी धाम पर गुरूवार को गुरू पूर्णिमा महोत्सव का महामण्डलेश्वर संत त्रिवेणी दास महाराज द्वारा धूमधाम से आयोजन किया गया। जहां हवन-पूजन, गुरू पूजा, ध्वजारोहण के बाद विशाल भण्डारे का आयोजन किया गया। जिसमें काफी संख्या में श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान संत ने कहा कि भारतीय संस्कृति में सद्गुरु का महत्व सर्वोपरि है। कहा कि गुरु की महिमा अनंत है। गुरु के मार्गदर्शन से जीवन आलोकित होता है तथा भवबंधन से जीव मुक्त होता है। कहस कि सद्गुरू परमात्मा का भेजा हुआ दूत होता है, जो किसी न किसी रूप मे इस धराधाम पर विद्यमान रहता है और हमें परमात्मा से मिलाने का कार्य करता है। कहा कि गुरु का स्थान ईश्वर से भी ऊंचा माना जाता है। कहा कि गुरू के बिना आत्मज्ञान मिलना संभव नहीं है। वहीं देवचंदपुर के हनुमान मंदिर के संत जयप्रकाश दास फलाहारी ने कहा कि गुरू पूर्णिमा का पर्व प्रति वर्ष आषाढ़ मास की पूर्णिमा को मनाया जाता। इस दिन पूजा का विशेष महत्व होता है। इस मौके पर राधेश्याम दास त्यागी आदि रहे।

