सादात : सावन शुरू होने के पूर्व थाने में हुई बैठक, थाने के बगल के गोपाल मंदिर में होगी कांवरियों के रहने व खाने की व्यवस्था

सादात। भगवान शिव के प्रिय माह सावन का शुभारंभ 11 जुलाई से हो रहा है। इसे लेकर बुधवार को स्थानीय थाने में शांति समिति की बैठक हुई। जहां थानाध्यक्ष वागीश विक्रम सिंह ने बैठक में आए संभ्रांत व्यक्तियों के साथ विचार विमर्श करते हुए अपने आस-पास असामाजिक तत्वों एवं होने वाली छोटी-छोटी घटनाओं पर नजर रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि सावन भर चलने वाले पूजा पाठ और कांवर यात्रा पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। साथ ही प्रमुख शिवालयों, मंदिरों, रेलवे लाइन के किनारे और स्टेशन की निगरानी रखी जाएगी। वरिष्ठ भाजपा नेता शिवानन्द सिंह मुन्ना के सुझाव पर चेयरमैन प्रतिनिधि और सभासदों से विचार विमर्श के बाद निर्णय लिया गया कि सादात नगर से रेलवे स्टेशन और अन्य मार्ग से होकर गुजरने वाले कांवरियों के रहने, खाने की व्यवस्था थाना के ठीक बगल में स्थित गोपाल मंदिर में की जाएगी। चेयरमैन प्रतिनिधि धर्मेन्द्र यादव सोनू और सभासदों ने इससे जुड़ी व्यवस्थाओं को पूरा कराने की सहमति जताई। इस मौके पर सभासद घनश्याम सोनी, दिनेश सोनकर, अंकित बरनवाल, राजू मद्धेशिया, अच्छे भारद्वाज, श्यामणरायण भारद्वाज, सतीश चौबे आदि मौजूद रहे।

