सैदपुर : आधार के अभाव में सरकार द्वारा भेजे धन से वंचित रह जाते हैं बच्चे, मिर्जापुर प्रावि में शिविर लगाकर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने बनाया जन्म प्रमाण पत्र

सैदपुर। इन दिनों आधार संशोधन से लगायत अधिकांश शैक्षणिक कार्यों बच्चों का जन्म प्रमाण पत्र की आवश्यकता बढ़ जाने के बाद अभिभावकों को उक्त प्रमाणपत्र बनवाने में काफी समस्याओं का सामना करना पड़ता है और कई कार्यालयों में चक्कर लगाने पड़ते हैं। ऐसे में उनकी समस्याओं को देखते हुए ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने गुरूवार को नई पहल की। इस दौरान क्षेत्र के मिर्जापुर स्थित प्राथमिक विद्यालय में गुरूवार की दोपहर 12 बजे शिविर लगाकर बच्चों का जन्म प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया शुरू की। परिषदीय व सहायता प्राप्त विद्यालयों के कक्षा 1 से 8 तक के बच्चों के लिए शासन द्वारा यूनिफॉर्म, स्वेटर, जूते आदि खरीदने को उनके अभिभावकों के खाते में हर साल 1200 रूपए सीधे भेजे जाते हैं। लेकिन डीबीटी से ये धनराशि पाने के लिए बच्चों के पास आधार कार्ड होना अनिवार्य है और इस कार्ड को बनाने के लिए जन्म प्रमाण पत्र होना चाहिए। उनकी इसी समस्या के हल के लिए ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने स्कूल में इस शिविर को लगाया और अभिभावकों के साथ इसकी प्रक्रिया पूरी की। बताया कि जन्म प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया काफी जटिल है। ऐसे में इस प्रक्रिया को सरल करते हुए बीडीओ धर्मेंद्र यादव व सहायक विकास अधिकारी पंचायत के साथ स्कूल में शिविर लगाया। बताया कि तहसील क्षेत्र के सभी स्कूलों में इस तरह का शिविर लगाकर प्रमाण पत्र बनाए जाएंगे। इस मौके पर बीईओ यूसी राय, प्रधानाध्यापक अरूण पांडेय आदि रहे।

