गाजीपुर : विश्व युवा कौशल दिवस के पूर्व युवाओं को रोजगार देने के लिए तुलसीपुर में लगेगा रोजगार मेला, रोडवेज समेत आएंगी कई कंपनियां

गाजीपुर। उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन, जिला सेवायोजन कार्यालय व गाजीपुर के राजकीय आईटीआई के संयुक्त तत्वावधान में आगामी 14 जुलाई को तुलसीपुर स्थित राजकीय आईटीआई में रोजगार मेले का आयोजन किया गया है। जानकारी देते हुए कौशल विकास मिशन के जिला समन्वयक सौरभ श्रीवास्तव ने बताया कि 15 जुलाई को विश्व युवा कौशल दिवस है। ऐसे में उसके एक दिन पूर्व युवाओं को रोजगार देकर सक्षम बनाने के लिए उद्देश्य से ये मेला लगाया जाएगा। जिसमें प्रतिभाग करने वाली कंपनियों में उत्तर प्रदेश परिवहन निगम गाजीपुर, उत्कर्ष स्माल फाइनेंस बैंक वाराणसी, एलएंडटी, एम. मल्टीस्किल जॉब्स प्रालि, कल्पतरू कौशल विकास एकेडमी कानपुर, क्वेस कॉर्पोरेशन लिमिटेड नोएडा, खेतिहर ऑर्गेनिक गाजीपुर, रोहित हाईब्रिड सीड्स रौजा, एलआईसी, पीएनबी मेटलाइफ, विजन इंडिया प्रालि आदि द्वारा संविदा पर बस चालक, फीटर, इलेक्ट्रिशियन, लॉजिस्टिक सुपरवाइजर आदि कई पदों पर नियुक्तियां दी जाएंगी। सुबह 10 बजे तक अपने सभी दस्तावेजों के साथ आना अनिवार्य होगा।

