सैदपुर : डहरा कलां के जीबी इंटरनेशनल स्कूल में एक दिन में रोपे गए 1 हजार पौधे, रोपे पौधों को गोद लेकर निगरानी करेंगे बच्चे

सैदपुर। यूपी की योगी सरकार द्वारा बुधवार को प्रदेश में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के क्रम में एक दिवसीय वृहद पौधरोपण अभियान का शुभारंभ करने के बाद पर्यावरण संरक्षण की दिशा में क्षेत्र के डहरा कलां स्थित जीबी इंटरनेशनल स्कूल में भी बुधवार की दोपहर 12 बजे वृहद पौधरोपण अभियान चलाया गया। जहां विभिन्न प्रजातियों के बंगाल से मंगाए गए 1 हजार पौधों का रोपण परिसर में बच्चों, शिक्षकों व प्रबंधक द्वारा किया गया। बुधवार को वृहद पौधरोपण अभियान के तहत स्कूल के मैदान के 2 बीघे के हिस्से में सभी पौधों को लगाया गया। इस बाबत पौधरोपण करते हुए प्रबंधक सौम्यप्रकाश बरनवाल ने कहा कि अभियान के क्रम में बंगाल से महोगनी, आम, नीम, अमरूद, शमी, अर्जुन, अनार, नींबू, शरीफा, संतरा, आंवला, बेल आदि 1 हजार हाईब्रिड पौधे मंगाए गए हैं। जल्द ही बादाम, कदंब के भी पौधे मंगाकर रोपे जाएंगे। पौधरोपण अभियान के दौरान सबसे ज्यादा उत्साह बच्चों में देखने को मिला। रोपे गए पौधों के बाबत प्रबंधक ने सभी बच्चों से कहा कि वो एक-एक पौधों को गोद लेकर उनकी देखभाल स्वयं करें। इससे सभी पौधों की सुरक्षा भी होगी और बच्चों में भी पर्यावरण संरक्षण की भावना का विकास होगा। बच्चों से कहा कि आज के समय में तेजी से पेड़ों की हो रही कटाई को देखते हुए हम सभी का दायित्व है कि हम पौधरोपण करें। इस मौके पर प्रियंका बरनवाल, प्रधानाचार्य एके बरतरिया आदि रहे।

