सिधौना : 3 माह पूर्व गोमती की लहरों में बेटे को खो देने व सरकारी मदद न मिलने के दर्द से गुजर रहे अधेड़ ने ट्रेन के सामने कूदकर दे दी जान

सिधौना। बेटे को खोने के गम व आर्थिक तंगी के बीच सरकारी मदद न मिलने के दर्द से मानसिक संतुलन खो बैठे पिता ने आखिरकार दूसरे जिले में जाकर ट्रेन के सामने कूदकर अपनी जान दे दी। घटना का पता चलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मामला खानपुर थानाक्षेत्र के गौरहट गांव का है। बीते 25 मार्च को गांव निवासी 3 बच्चे स्कूल से लौटते समय गोमती में नहाने लगे और वहां डूब गए। उसमें से 2 बच्चों की लाश तो मिल गई, जिसके चलते उनके परिजनों को सरकारी अनुदान भी मिल गया। लेकिन गांव निवासी 42 वर्षीय द्वारिका प्रसाद के डूबे बेटे आरके की लाश आज तक नहीं मिल सकी। जिसके चलते उसके परिजनों को न तो सरकारी मदद मिली और न ही बेटे का सहारा। ऐसे में आर्थिक तंगी व बेटे को खोने के अंतहीन दुःख के चलते द्वारिका मानसिक रूप से विक्षिप्त हो गया। इस बीच उसने परिजनों से कहासुनी भी कर ली और घर से निकलकर गोमती नदी पार कर वाराणसी के डुड़ुआ बाजार पहुंच गया। वहां से वो राजवाड़ी स्थित रेलवे क्रासिंग पर बैठा रहा। स्थानीय लोगों ने बताया कि जब ट्रेन आई तो उसके सामने कूदकर अपनी जान दे दी। घटना का पता चलने के बाद परिजनों में हाहाकार मच गया। मृतक अपने पीछे पत्नी रेखा सहित 2 छोटे बच्चों को छोड़ गया है। सभी का रो-रोकर बुरा हाल है।

