जिले में एडी हेल्थ ने किया बाल स्वास्थ्य पोषण माह का शुभारंभ, 9 अगस्त तक 5.76 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी विटामिन ए की खुराक





गोरखपुर। जिले में बुधवार से बाल स्वास्थ्य पोषण माह की शुरूआत हो गई। इसके तहत नौ अगस्त तक 5.76 लाख बच्चों को विटामिन ए की दवा पिलाई जाएगी। अभियान का शुभारंभ एडी हेल्थ डॉ जयंत कुमार, सीएमओ डॉ राजेश झा और जिला महिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ जय कुमार ने जिला महिला अस्पताल से बच्चों को दवा पिलाकर किया। एक माह के इस अभियान में नियमित टीकाकरण सत्र स्थल पर ही बच्चों को विटामिन ए की दवा पिलाई जाएगी। एडी हेल्थ ने बताया कि नौ माह से पांच साल तक के बच्चों को कुल नौ बार विटामिन ए की खुराक लेना अनिवार्य है। इसकी पहली खुराक नौ से 12 माह की उम्र में एमआर टीके के प्रथम डोज के साथ आधा चम्मच दी जाती है। दूसरी खुराक 16 से 24 माह की उम्र के बीच एक पूरा चम्मच एमआर टीके के दूसरी डोज के साथ दी जाती है। साथ ही दो वर्ष से पांच वर्ष की उम्र तक के बच्चों को हर छह माह पर पूरा चम्मच दवा पिलाना अनिवार्य है। एक पूरा चम्मच दो मिलीलीटर का होता है, जबकि आधा चम्मच एक मिलीलीटर का होता है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि विटामिन ए की खुराक बच्चों को कुपोषण, मिजल्स, डायरिया और रतौंधी से बचाती है। यह बच्चे के विकास में मददगार है। इसके सेवन से निमोनिया और डायरिया का खतरा कम हो जाता है। शरीर में विटामिन ए की कमी से रोग प्रतिरोधक क्षमता घटती है। आंख कमजोर होने की आशंका होती है। इसकी कमी से बच्चे के शरीर बढ़ने में भी रुकावट आ सकती है। बच्चे को कमजोरी महसूस होती है। मीजल्स होने की स्थिति में यह दवा मृत्यु दर और जटिलता को कम करती है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ नंदलाल कुशवाहा ने बताया कि प्रत्येक बुधवार और शनिवार को नियमित टीकाकरण और छाया एकीकृत ग्राम स्वास्थ्य स्वच्छता व पोषण दिवस के सत्र स्थल पर बच्चों को विटामिन ए की खुराक दी जाएगी। आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ऐसे बच्चों को उनके अभिभावकों के साथ सत्र स्थल पर लेकर आएंगी। हर छह माह पर बच्चों को दवा पिलाई जा सके, इसी वजह से यह अभियान प्रत्येक छह माह के अंतराल पर चलाया जाता है। सीएमओ ने बताया कि नौ माह से एक वर्ष तक के 65 हजार, एक वर्ष से दो वर्ष तक के 1 लाख 23 हजार और दो वर्ष से पांच वर्ष तक के 3 लाख 88 हजार बच्चों को इस साल एक माह में दवा पिलाने का लक्ष्य है। अंत में एडी हेल्थ, सीएमएस व सीएमओ ने ‘एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत जिला अस्पताल परिसर में पौधरोपण भी किया। इसके पूर्व एडी हेल्थ ने जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। उनके साथ जेडी हेल्थ डॉ बीएम राव, एसीएमओ आरसीएच डॉ एके चौधरी, एसीएमओ डॉ वीपी पांडेय, वरिष्ठ लिपिक उपेंद्र त्रिपाठी, जिला स्वास्थ्य शिक्षा एवं सूचना अधिकारी केएन बरनवाल, सहायक शोध अधिकारी अजीत सिंह आदि रहे।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< गाजीपुर : जिले के सभी मंडलों में भाजपा ने चलाया अभियान, कार्यकर्ताओं ने अपनी मां के नाम पर पौधे रोप लिया सुरक्षा का संकल्प
सिधौना : 3 माह पूर्व गोमती की लहरों में बेटे को खो देने व सरकारी मदद न मिलने के दर्द से गुजर रहे अधेड़ ने ट्रेन के सामने कूदकर दे दी जान >>